ऊधम सिंह नगर

निरंकारी मिशन ने मनाया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

काशीपुर। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन आशीर्वाद से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संत निरंकारी मिशन की विभिन्न शाखाओं में योग एवं आध्यात्मिक जागरूकता पर केंद्रित कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

इसी क्रम में काशीपुर शाखा स्थित निरंकारी भवन में भी योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। स्थानीय मुखी राजेंद्र अरोड़ा ने बताया कि कार्यक्रम में श्रद्धालु भक्तों, सेवादल स्वयंसेवकों तथा स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। अनुभवी योग प्रशिक्षकों पूज्य भंडारी जी, बहन कृष्णा जी एवं बहन पूनम मेहता जी के मार्गदर्शन में आयोजित योग सत्र में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगाभ्यास किए तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के विचारों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि “स्वस्थ मन, सहज जीवन” की भावना के अनुरूप शरीर को निरंकार प्रभु की अमूल्य देन मानते हुए उसे स्वस्थ रखना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। दीर्घायु, सक्रिय एवं सफल जीवन के लिए योग को अत्यंत आवश्यक बताया गया।

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ रही, जिसने शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक संतुलन के महत्व को रेखांकित किया। इसी भावना के अनुरूप संत निरंकारी मिशन ने योग को आत्मजागृति, अनुशासन और सकारात्मक जीवन दृष्टि का प्रभावी माध्यम बताते हुए जन-जागरूकता को बढ़ावा दिया।

संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के सचिव आदरणीय श्री जोगिन्दर सुखीजा के अनुसार मिशन द्वारा देशभर के 1500 से अधिक केंद्रों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन तथा आध्यात्मिक चेतना को प्रोत्साहित करना था।

निरंकारी मिशन का यह जनकल्याणकारी अभियान समाज को स्वास्थ्य, जागरूकता और सकारात्मक जीवन मूल्यों के प्रति प्रेरित करते हुए समग्र कल्याण का संदेश प्रदान करता है।।

error: Content is protected !!
Call Now Button