काशीपुर-बाजपुर आबकारी टीम की बड़ी कार्रवाई, 115 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
काशीपुर/बाजपुर। माननीय आबकारी आयुक्त के निर्देशों के क्रम में ऊधम सिंह नगर जनपद में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 115 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की है। कार्रवाई संयुक्त आबकारी आयुक्त कुमाऊं मंडल हल्द्वानी के.के. काण्डपाल एवं जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र सिंह बिष्ट के निर्देशन में की गई।
प्राप्त शिकायतों के आधार पर जनपदीय प्रवर्तन दल, क्षेत्र-04 बाजपुर तथा क्षेत्र-03 काशीपुर की संयुक्त टीम ने ग्राम कलियावाला और गढ़ी हुसैन में दबिश दी। ग्राम कलियावाला में कुलदीप सिंह पुत्र सुरेन्द्र सिंह के घर की तलाशी के दौरान 30 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। मामले में संदीप पुत्र सुरेन्द्र सिंह के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
इसी गांव में एक अन्य घर से करीब 50 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद होने पर पिंकी कौर पत्नी रोहित सिंह के विरुद्ध भी आबकारी अधिनियम की धारा 60 में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वहीं ग्राम गढ़ी हुसैन में तलाशी के दौरान 35 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
आबकारी विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, प्रधान आबकारी सिपाही कैलाश भट्ट, आबकारी सिपाही सुमन आर्या, नैनिका राणा सहित जनपदीय प्रवर्तन दल का स्टाफ मौजूद रहा।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।।

