Friday, August 7, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

आदर्श चम्पावत की दिशा में बड़ा कदम, नमामि गंगे एसटीपी परियोजना हेतु भूमि हस्तांतरण को मिली मंजूरी

आदर्श चम्पावत की दिशा में बड़ा कदम, नमामि गंगे एसटीपी परियोजना हेतु भूमि हस्तांतरण को मिली मंजूरीसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

चम्पावत। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की “आदर्श चम्पावत” परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत चम्पावत नगर क्षेत्र में प्रस्तावित आई एंड डी (इंटरसेप्शन एंड डायवर्जन) एवं सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) परियोजना के लिए आवश्यक राजकीय भूमि के हस्तांतरण को शासन स्तर से मंजूरी प्रदान कर दी गई है।

मुख्यमंत्री के निर्देशों तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप प्राप्त इस स्वीकृति से नगर क्षेत्र में सीवेज प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने और स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।

शासनादेश के अनुसार तहसील चम्पावत के राजस्व ग्राम चौकी स्थित विभिन्न खसरों की कुल 0.440 हेक्टेयर राजकीय भूमि को नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत प्रस्तावित आई एंड डी एवं एसटीपी परियोजना के लिए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, उत्तराखण्ड शासन के नाम निःशुल्क हस्तांतरित एवं नामांतरित किए जाने की अनुमति दी गई है। उक्त भूमि का उपयोग परियोजना के निर्माण और संचालन के लिए किया जाएगा।

यह परियोजना नगर क्षेत्र में सीवेज के वैज्ञानिक निस्तारण, जल स्रोतों के संरक्षण तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएगी। परियोजना के पूर्ण होने के बाद चम्पावत नगर की स्वच्छता व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा स्थानीय नागरिकों को बेहतर पर्यावरणीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में जनपद चम्पावत में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नमामि गंगे के अंतर्गत प्रस्तावित यह परियोजना स्वच्छ चम्पावत, स्वस्थ चम्पावत और आदर्श चम्पावत के लक्ष्य को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगी। प्रशासन द्वारा परियोजना के समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु सभी आवश्यक प्रक्रियाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

चम्पावत नगर के दीर्घकालिक और सतत विकास की दृष्टि से इस स्वीकृति को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे भविष्य में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जनसुविधाओं को और अधिक मजबूती मिलेगी।।

error: Content is protected !!
Call Now Button