नानकमत्ता में हिस्ट्रीशीटर तारा सिंह के अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर, 50 लाख की सरकारी भूमि कराई मुक्त
नानकमत्ता में हिस्ट्रीशीटर तारा सिंह के अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर, 50 लाख की सरकारी भूमि कराई मुक्त
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस द्वारा अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को नानकमत्ता क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर एवं गैंगस्टर तारा सिंह के अवैध कब्जे पर प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत सिंचाई विभाग, तहसील प्रशासन, पुलिस, पीएसी और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने नानकसागर बांध क्षेत्र में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई के दौरान तारा सिंह द्वारा निर्मित अवैध पक्का मकान और एक अवैध धार्मिक संरचना (मजार) को ध्वस्त कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार तारा सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह निवासी ग्राम गिधौर, डैम बंदा, नानकमत्ता क्षेत्र का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और गैंगस्टर है, जिसके खिलाफ डकैती, लूट, अपहरण, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत 27 मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान में वह जेल में निरुद्ध है। जांच में सामने आया कि तारा सिंह और उसके परिजनों ने सिंचाई विभाग की लगभग दो एकड़ सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा था। आरोप है कि उक्त स्थान का उपयोग लंबे समय से स्मैक, हेरोइन और अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के लिए किया जा रहा था। नियमानुसार नोटिस और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई संयुक्त अभियान के दौरान लगभग दो एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में नशा तस्करों, गैंगस्टरों और संगठित अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद में अपराध और नशे के कारोबार के लिए कोई स्थान नहीं है।।

