मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समयबद्ध पूरा करें एसआईआर कार्य: एडीएम
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की समीक्षा गुरुवार को अपर जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित बैठक में की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने की।
बैठक में एडीएम ने सभी नोडल अधिकारियों, बीएलओ एवं निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समयबद्ध तरीके से पात्र मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित कर उन्हें भरवाकर वापस प्राप्त करें तथा भरे हुए प्रपत्रों का डिजिटलीकरण भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है और इस महत्वपूर्ण अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी बीएलओ गणना प्रपत्र वितरण की दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्रत्येक शाम नियंत्रण कक्ष एवं निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं। साथ ही आमजन से भी अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की गई।
एडीएम ने बताया कि 07 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन एवं गणना प्रपत्र भरने का कार्य करेंगे। मतदान केंद्रों का युक्तिकरण भी 07 जुलाई तक पूरा किया जाएगा, जबकि मतदाता सूची के मसौदे का प्रकाशन 14 जुलाई को होगा। दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 14 जुलाई से 13 अगस्त तक निर्धारित की गई है। इसके बाद दावों और आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर को किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मृत, स्थानांतरित, अपात्र एवं डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाकर मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय और अद्यतन बनाना है। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि एन्यूमरेशन चरण के दौरान किसी भी प्रकार के दस्तावेज एकत्र नहीं किए जाएंगे एडीएम ने राजनीतिक दलों से भी अपने कार्यकर्ताओं एवं बीएलए के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को एसआईआर कार्यक्रम के प्रति जागरूक करने तथा बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपील की। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को एसआईआर कार्य की नियमित निगरानी करने और सप्ताह में एक बार राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत मौर्य, जिला सूचना अधिकारी गोविंद सिंह बिष्ट, जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, तहसीलदार दिनेश कुटौला तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र सिंह अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े रहे।।

