ऊधम सिंह नगर

स्मार्ट मीटर से बदलेगी बिजली व्यवस्था, रामपुरा में 111 टीमों के साथ चला महाअभियान

स्मार्ट मीटर से बदलेगी बिजली व्यवस्था, रामपुरा में 111 टीमों के साथ चला महाअभियानसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। ऊर्जा विभाग की महत्वाकांक्षी स्मार्ट मीटर परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए रुद्रपुर के संवेदनशील रामपुरा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया गया। विभाग ने एक साथ 111 टीमों को मैदान में उतारकर स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य तेज कर दिया है। अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीएसी और भारी पुलिस बल की भी तैनाती की गई, जिससे पूरे क्षेत्र में दिनभर गतिविधियां तेज रहीं।विभागीय अधिकारियों के अनुसार स्मार्ट मीटर केवल एक नया मीटर नहीं, बल्कि बिजली व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। इसके माध्यम से उपभोक्ताओं को बिजली खपत की सटीक जानकारी मिलेगी, बिलिंग संबंधी शिकायतों में कमी आएगी और विभाग को भी विद्युत वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

बिजली चोरी पर लगेगी प्रभावी रोक, बढ़ेगी पारदर्शिता ऊर्जा विभाग का मानना है कि स्मार्ट मीटर प्रणाली लागू होने के बाद बिजली चोरी की घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगेगा। पारंपरिक मीटरों की तुलना में स्मार्ट मीटर तकनीकी रूप से अधिक सुरक्षित हैं और इनमें बिजली खपत का डेटा सीधे सर्वर तक पहुंचता है। इससे मीटर रीडिंग में मानवीय त्रुटियों की संभावना कम हो जाती है और बिजली चोरी या मीटर से छेड़छाड़ की घटनाओं की पहचान भी आसानी से हो सकती है।अधिकारियों का कहना है कि स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत के आधार पर बिल मिलेगा, जिससे बिलिंग प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनेगी इससे विभाग और उपभोक्ताओं के बीच विवाद की स्थितियों में भी कमी आने की उम्मीद है।

रियल टाइम खपत की जानकारी से उपभोक्ता करेंगे बिजली की बचत

स्मार्ट मीटर का सबसे बड़ा लाभ यह है कि उपभोक्ता अपनी बिजली खपत की जानकारी रियल टाइम में प्राप्त कर सकेंगे। इससे उन्हें यह पता चलता रहेगा कि घर या प्रतिष्ठान में कितनी बिजली खर्च हो रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि जब उपभोक्ता अपनी खपत पर लगातार नजर रखेंगे तो वे अनावश्यक बिजली उपयोग को कम कर सकेंगे, जिससे बिजली बिल में भी कमी आएगी इसके अलावा उपभोक्ता अपने मोबाइल या अन्य डिजिटल माध्यमों से बिजली उपयोग की निगरानी कर सकेंगे। इससे ऊर्जा संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा और लोगों में बिजली बचाने की आदत विकसित होगी।

जागरूकता अभियान से दूर की जा रही हैं भ्रांतियां

स्मार्ट मीटर को लेकर विभिन्न क्षेत्रों में फैली भ्रांतियों और आशंकाओं को दूर करने के लिए विभाग विशेष जागरूकता अभियान भी चला रहा है। रामपुरा में तैनात टीमों ने लोगों से सीधे संवाद कर उन्हें स्मार्ट मीटर के फायदे बताए और उनकी शंकाओं का समाधान किया।
अधिकारियों ने कहा कि कई उपभोक्ताओं के मन में स्मार्ट मीटर को लेकर भ्रम है, जिसे तथ्यात्मक जानकारी देकर दूर किया जा रहा है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें और किसी भी समस्या की स्थिति में विभागीय अधिकारियों से संपर्क करें।

शिकायतों का मौके पर निस्तारण, सहयोग की अपील

अभियान के दौरान विभाग द्वारा विशेष रूप से शिकायत निवारण व्यवस्था भी लागू की गई है। उपभोक्ताओं की समस्याओं और प्रश्नों का समाधान मौके पर ही करने का प्रयास किया जा रहा है ताकि स्मार्ट मीटर स्थापना में किसी प्रकार की बाधा न आए। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ताओं का सहयोग मिलने पर निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे क्षेत्र को स्मार्ट मीटर प्रणाली से जोड़ा जा सकेगा ऊर्जा विभाग ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली इस परियोजना को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा और आने वाले समय में सभी उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर प्रणाली से जोड़ा जाएगा रमपुरा में चल रहा अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।।

error: Content is protected !!
Call Now Button