ऊधम सिंह नगर

पंतनगर एयरपोर्ट की सुरक्षा और विस्तार पर डीएम सख्त, अतिक्रमण हटाने व सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश

पंतनगर एयरपोर्ट की सुरक्षा और विस्तार पर डीएम सख्त, अतिक्रमण हटाने व सुरक्षा बढ़ाने के निर्देशसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में जिला सभागार में पंतनगर एयरपोर्ट की एरोड्रम समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें एयरपोर्ट की सुरक्षा, विस्तार कार्य और आसपास के क्षेत्र में संभावित जोखिमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई बैठक में पंतनगर एयरपोर्ट के निदेशक पवन कुमार ने बताया कि एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षा की दृष्टि से बड़े पेड़ों की कटाई-छंटाई तथा झाड़ियों की सफाई आवश्यक है। इस पर जिलाधिकारी ने एयरपोर्ट प्रशासन और वन विभाग को संयुक्त टीम बनाकर पेड़ों को चिन्हित करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

एयरपोर्ट निदेशक ने यात्रियों की बढ़ती संख्या और परिचालन गतिविधियों को देखते हुए पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती तथा हवाई क्षेत्र में गश्त के लिए पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध कराने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को इस संबंध में पुलिस मुख्यालय को मांग पत्र भेजने के निर्देश दिए बैठक में एयरपोर्ट परिसर में जंगली जानवरों की आवाजाही से दुर्घटना की आशंका का मुद्दा भी उठाया गया। जिलाधिकारी ने वन विभाग और एयरपोर्ट प्रशासन को नियमित हाका अभियान चलाकर जंगली जानवरों को एयरपोर्ट क्षेत्र से दूर रखने के निर्देश दिए।

इसके अलावा एयरपोर्ट के आसपास की कॉलोनियों में संचालित अनाधिकृत मांस की दुकानों के कारण चील-कौओं के मंडराने से विमान संचालन में खतरा उत्पन्न होने की बात सामने आई। इस पर जिलाधिकारी ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार चेकिंग अभियान चलाकर ऐसी दुकानों को हटाने के निर्देश दिए जिलाधिकारी ने पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार परियोजना की जद में आने वाले अतिक्रमणों को चिन्हित कर नोटिस जारी करने तथा आवश्यकतानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही एयरपोर्ट प्रशासन और एनएचएआई को विस्तार कार्य एवं स्वीकृतियों की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।

बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी, एडीएम कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, डीजीएम भाविप्रा अनूप गुप्ता, अधीक्षण अभियंता एनएचएआई सोनू गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button