आदर्श चंपावत को मिलेगी नई रफ्तार, 36 किमी सिटी गैस नेटवर्क बिछाने की योजना पर तेज हुआ काम
आदर्श चंपावत को मिलेगी नई रफ्तार, 36 किमी सिटी गैस नेटवर्क बिछाने की योजना पर तेज हुआ काम
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चंपावत’ विजन को साकार करने की दिशा में जिला प्रशासन ने सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क परियोजना को गति देने के लिए कदम तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनपद स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद को आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल ईंधन सुविधाओं से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अपर जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि गैसोनेट (यूके) लिमिटेड से संबंधित भूमि मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि परियोजना कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। साथ ही जिला पूर्ति अधिकारी को कार्यदायी संस्था के साथ सतत समन्वय बनाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
गैसोनेट (यूके) लिमिटेड के परियोजना प्रमुख नीरज जोशी ने बताया कि जनपद में लगभग 36 किलोमीटर लंबे सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क का निर्माण प्रस्तावित है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत अब तक करीब 5 किलोमीटर कार्य पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष कार्य को निर्धारित समय में पूरा करने के प्रयास जारी हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के ‘आदर्श चंपावत’ अभियान के तहत संचालित इस महत्वपूर्ण परियोजना में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी चंपावत विपिन चंद्र पंत, उपजिलाधिकारी लोहाघाट नीतू डांगर, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।।

