Monday, September 21, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

तहसील दिवस में 86 शिकायतें दर्ज, 45 का मौके पर निस्तारण; सीडीओ ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

तहसील दिवस में 86 शिकायतें दर्ज, 45 का मौके पर निस्तारण; सीडीओ ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देशसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

सितारगंज। महाराजा अग्रसेन ट्रस्ट सितारगंज में मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दिवेश शासनी ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान है, इसलिए तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा उन्हें सीएम जन समर्पण पोर्टल पर भी अपलोड किया जाए।

तहसील दिवस में प्रमाण पत्र, सड़क, बिजली, पेयजल, जलभराव, राशन कार्ड, आवास, सोलर लाइट और पेंशन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 86 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 45 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान वार्ड संख्या-10 निवासी अनिरुद्ध राय ने बंद गली एवं सरकारी अस्पताल तक हुए अतिक्रमण को हटाने की मांग उठाई। इस पर सीडीओ ने उप जिलाधिकारी को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं ग्राम तिलियापुर में कटना नदी से हो रहे भू-कटाव को रोकने के लिए पिचिंग कार्य कराने संबंधी मांग पर सिंचाई विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

वार्ड संख्या-9 के मीना अग्रवाल, मुकेश कुमार गोयल और रोशन लाल अग्रवाल ने प्रधानमंत्री योजना के तहत लगाए गए सोलर पैनलों की सब्सिडी दिलाने की मांग की। इस पर उरेडा विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ग्रीन सिटी नहर पार कॉलोनी के निवासियों ने सड़क एवं बिजली सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी, जिस पर संबंधित विभागों को निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा अवैध कब्जा हटाने, बिजली बिल संशोधन, भूमि अतिक्रमण, पेयजल पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, गूल से अतिक्रमण हटाने, सड़क निर्माण और सिंचाई नहर की सफाई जैसी समस्याओं पर भी अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

सीडीओ दिवेश शासनी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान अपने स्तर पर ही करें ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका है, उन्हें संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने के लिए भेजा गया है।

तहसील दिवस में ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, नगर पालिका अध्यक्ष सुखदेव सिंह, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिला पंचायत सदस्य भास्कर संभल, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, सीओ बीएस धौनी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button