Monday, September 21, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

ग्रीन पार्क में पांच दिवसीय मोटापा रोग निवारण योग शिविर संपन्न

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

रुद्रपुर। ग्रीन पार्क रुद्रपुर में भारतीय योग संस्थान के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय मोटापा रोग निवारण शिविर का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। शिविर के पांचवें दिन का शुभारंभ मातृशक्ति द्वारा प्रस्तुत मर्मस्पर्शी प्रार्थना के साथ किया गया।

शिविर में ग्रीन पार्क, एलायंस कॉलोनी, मॉडल कॉलोनी, सिटी वन कॉलोनी सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिभाग किया। अमर योग क्लब रुद्रपुर से अशोक कालरा तथा किच्छा से भूपाल सिंह नेगी के नेतृत्व में आई टीम की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की शिविर के सफल आयोजन में श्रीमती सुमन यादव, डॉ. श्रीमती रेखा यादव, ग्रीन पार्क सोसाइटी के अध्यक्ष सरदार गुरमेल सिंह तथा केंद्र प्रमुख तुलसीराम वर्मा के विशेष प्रयास रहे। वहीं जिला प्रधान रमेश गंगवार की प्रबंधन क्षमता की भी सराहना की गई।

शिविर के दौरान योगाभ्यास का प्रतिभागियों के तन और मन पर सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला। मॉडल कॉलोनी निवासी देवांश, जो पहले अपनी शारीरिक क्षमताओं का पूर्ण उपयोग करने में असमर्थ था, अब नियमित योग अभ्यास के प्रभाव से अधिकांश आसनों को सहजता और कुशलता से करने लगा है। समापन अवसर पर सभी शिविरार्थियों ने नियमित रूप से योग केंद्र पर पहुंचकर योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास करने तथा अपने आहार-विहार में सुधार लाने का संकल्प लिया। प्रतिभागियों ने शिविर को प्रभावशाली, उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।

इस अवसर पर श्रीमती नीलम राय, पत्नी डॉ. बी.डी. राय, का जन्मदिन भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया उन्हें शुभकामनाएं दी गईं तथा अमृत पेय और प्रसाद का वितरण किया गया।अंत में जिला मंत्री चौधरी महावीर सिंह ने संस्थान द्वारा उपलब्ध कराई जा रही योग सामग्री की जानकारी देते हुए आवश्यकता अनुसार उसका लाभ उठाने के लिए लोगों को प्रेरित किया। प्रसाद वितरण के साथ शिविर का समापन हुआ।।

error: Content is protected !!
Call Now Button