लखनऊ से लौटे वोविनाम खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सांसद अजय भट्ट ने किया सम्मानित
लखनऊ से लौटे वोविनाम खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सांसद अजय भट्ट ने किया सम्मानित
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। लखनऊ स्थित ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में आयोजित सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय वियतनामी मास्टर्स टेक्निकल ट्रेनिंग सेमिनार से प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटे उत्तराखंड के खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को सांसद अजय भट्ट ने अपने आवास पर सम्मानित किया।
सेमिनार के दौरान आयोजित मास्टर्स प्रतियोगिता में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। मास्टर्स वर्ग में विक्रम कुमार एवं हिमा भट्ट ने स्वर्ण पदक, क्षितिज सिंह एवं गुलशन कुमार ने रजत पदक तथा खुशबू जोशी, गुरप्रीत कौर एवं रूनू शर्मा ने कांस्य पदक हासिल किए।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि वोविनाम जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के मार्शल आर्ट खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ में वियतनामी मास्टर्स से प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटे खिलाड़ियों तथा पदक विजेताओं ने उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और खेल निदेशालय से वार्ता कर खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
सेमिनार के दौरान वोविनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष प्रवीण गर्ग, महासचिव शंकर महाबले, चेयरमैन डॉ. विष्णु सहाय, वियतनामी मास्टर्स हुइन्ह खाक गुयेन एवं फाम सहित उत्तराखंड के पदाधिकारियों ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से उनके आवास पर भेंट की। रक्षा मंत्री ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिलाड़ियों को उत्कृष्ट कोचिंग, विश्वस्तरीय सुविधाओं और अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी के अवसर उपलब्ध होने चाहिए।
समापन समारोह में प्रवीण गर्ग, शंकर महाबले, डॉ. विष्णु सहाय, उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, एमएलसी पवन सिंह चौहान, मुकेश शर्मा, भाजपा नेता एवं कालरी एसोसिएशन ऑफ यूपी के अध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह तथा वियतनामी मास्टर्स ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को डिप्लोमा एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
वोविनाम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष ऋषिपाल भारती ने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। वियतनामी मास्टर्स से प्राप्त नवीन तकनीकों के माध्यम से खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि वोविनाम खेल वर्ष 2009 में वियतनाम में आयोजित तीसरे एशियाई इंडोर गेम्स तथा वर्ष 2016 में आयोजित पांचवें एशियाई बीच गेम्स में शामिल रहा है। इसे ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) की मान्यता प्राप्त है तथा ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड द्वारा ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में भी शामिल किया जा चुका है।
इस दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सांसद अजय भट्ट के समक्ष राज्य स्तरीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित कराने तथा खेल महाकुंभ एवं मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना में वोविनाम खेल को शामिल करने की मांग रखी। उन्होंने आग्रह किया कि अगस्त माह में जम्मू-कश्मीर में प्रस्तावित 15वीं नेशनल वोविनाम चैंपियनशिप-2026 से पूर्व खेल निदेशालय, देहरादून के माध्यम से 15 दिवसीय राज्य स्तरीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाए, ताकि प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी बेहतर प्रशिक्षण मिल सके।
एसोसिएशन के महासचिव विनोद लखेरा ने कहा कि राज्य की सरकारी खेल योजनाओं में वोविनाम को शामिल किए जाने से खिलाड़ियों को व्यापक लाभ मिलेगा और प्रदेश में खेल संस्कृति को और मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव विनोद लखेरा, टेक्निकल डायरेक्टर देवेंद्र रावत, केदार दत्त, हिमा भट्ट, गंगा मेहरा, रूनू शर्मा, क्षितिज सिंह, गुलशन कुमार, खुशबू जोशी, किशोर सिंह, राहुल शर्मा सहित अनेक प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।।

