ऊधम सिंह नगर

चम्पावत में खेल एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को 1.20 करोड़ की मंजूरी, 52 गांवों में लगेंगे ओपन जिम

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चम्पावत’ विजन को साकार करने की दिशा में जनपद में खेल एवं स्वास्थ्य अवसंरचना के विकास के लिए जिला योजना के अंतर्गत 1.20 करोड़ रुपये की लागत से 54 नई योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में तैयार की गई इस कार्ययोजना का उद्देश्य युवाओं को नशे की प्रवृत्तियों से दूर रखकर खेल और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए स्वीकृत योजनाओं के तहत ग्रामीण एवं अर्द्ध-शहरी क्षेत्रों में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी जसवंत खड़ायत ने बताया कि जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में कुल 52 स्थलों पर आधुनिक ओपन जिम स्थापित किए जाएंगे। इनमें पखोटी, जनकण्डे, गोरसानी, बस्तिया, काण्डा, बुंगा, मूलाकोट, ककनाड़, देवीधुरा, गढ़ियाड़, सिमलगाँठ, रायक, धौनी, चौकी, नाईकोट, बरशाकु, डुंगरी, कोल्याटी, सूई, कलीगांव और रीठल सहित कई ग्राम पंचायतें शामिल हैं। प्रत्येक ओपन जिम की स्थापना पर लगभग 1.70 लाख से 1.85 लाख रुपये तक व्यय किए जाएंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को निःशुल्क व्यायाम एवं फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।इसके अलावा बनबसा क्षेत्र में 28.50 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक व्यायामशाला के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है। साथ ही पूर्व से संचालित व्यायामशालाओं की मरम्मत, रखरखाव, उपकरणों की उपलब्धता तथा कार्मिकों के मानदेय के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है। प्रशासन के अनुसार सभी योजनाओं का चयन स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, जिला पंचायत सदस्यों, ब्लॉक प्रमुखों तथा जनता दरबार में प्राप्त मांगों के आधार पर किया गया है। संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।।

error: Content is protected !!
Call Now Button