मुख्यमंत्री धामी ने बग्घा चौवन से शुरू किया विशेष जनसंपर्क अभियान, गिनाईं मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां
मुख्यमंत्री धामी ने बग्घा चौवन से शुरू किया विशेष जनसंपर्क अभियान, गिनाईं मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के बग्घा चौवन में आयोजित “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष जनसंपर्क अभियान में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर क्षेत्रवासियों ने छोलिया एवं थारू सांस्कृतिक नृत्य के साथ पुष्पमालाओं से मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वह दो दिवसीय खटीमा प्रवास पर हैं और अपने कार्यक्रमों की शुरुआत बग्घा चौवन से कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 12 वर्षों का सफल कार्यकाल पूरा किया है, जिसमें देशहित में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। आज भारत विश्व में एक मजबूत और प्रभावशाली शक्ति के रूप में उभरकर सामने आया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान शुरू किया, जिससे बेटियों को सम्मान, सुरक्षा और आगे बढ़ने के अवसर मिले। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया गया। वहीं उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों माताओं-बहनों को धुएं से मुक्ति दिलाने का कार्य किया गया।
उन्होंने कहा कि हर घर जल योजना से जल संकट वाले क्षेत्रों में पेयजल उपलब्ध कराया गया है। आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार मिल रहा है, जो दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजनाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का उद्देश्य आम नागरिक के जीवन को सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कोरोना काल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस कठिन समय में गरीब कल्याण अन्न योजना लागू कर देश के 85 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया गया। साथ ही स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर देशवासियों को निःशुल्क टीकाकरण कराया गया तथा 100 से अधिक देशों को वैक्सीन उपलब्ध कराकर भारत ने विश्व बंधुत्व का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई है तथा युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया। इसके तहत 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है और अब तक 33 हजार से अधिक नियुक्तियां पारदर्शी तरीके से की जा चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि बग्घा चौवन क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्यमंत्री रंजीत सिंह नामधारी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट, राजपाल सिंह, विमला बिष्ट, सोमनाथ मौर्य, मोहन सिंह चुफाल, देवेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी देवेश शाशनी, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल, उपजिलाधिकारी तुषार सैनी, हिमांशु कफल्टिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।।

