Monday, September 21, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

कैंची धाम मेला, सोमवती अमावस्या व UKSSSC परीक्षा को लेकर रुद्रपुर में ट्रैफिक डायवर्जन लागू

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

रुद्रपुर। 14 जून 2026 से आयोजित होने वाले कैंची धाम मेले, वीकेंड भीड़, सोमवती अमावस्या स्नान एवं UKSSSC परीक्षा के दृष्टिगत जनपद पुलिस द्वारा रुद्रपुर शहर क्षेत्र में विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं एवं परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विभिन्न मार्गों पर वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया है।

पुलिस द्वारा जारी योजना के अनुसार दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की ओर से आने वाले वाहन, जिन्हें नैनीताल, कैंची धाम, काशीपुर या किच्छा जाना है, वे रामपुर बॉर्डर से रिंग रोड का उपयोग करेंगे। वहीं हरिद्वार और जसपुर से नैनीताल एवं कैंची धाम जाने वाले वाहन काशीपुर-रामनगर मार्ग से तथा मुरादाबाद से आने वाले वाहन बाजपुर दोराहा-कालाढूंगी मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

हरिद्वार, काशीपुर और गदरपुर से किच्छा, बिलासपुर एवं रामपुर की ओर जाने वाले वाहन एमेनिटी स्कूल से रिंग रोड का उपयोग करेंगे। इसी प्रकार पीलीभीत और खटीमा से नैनीताल व कैंची धाम जाने वाले वाहन सितारगंज-चोरगलिया मार्ग से संचालित किए जाएंगे।

खटीमा, सितारगंज और किच्छा की ओर से रामपुर, बिलासपुर एवं काशीपुर जाने वाले वाहन राधास्वामी सत्संग से रिंग रोड का उपयोग करेंगे। जबकि नैनीताल, कैंची धाम और हल्द्वानी से हरिद्वार, काशीपुर, दिल्ली, मुरादाबाद, सितारगंज एवं बरेली की ओर जाने वाले वाहन पारले चौक सिडकुल से रिंग रोड के माध्यम से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रुद्रपुर शहर क्षेत्र में पर्यटक वाहनों एवं भारी वाहनों का प्रवेश सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि यह डायवर्जन प्लान स्थानीय व्यक्तिगत वाहन चालकों पर लागू नहीं होगा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यात्रा से पूर्व निर्धारित डायवर्जन प्लान की जानकारी प्राप्त कर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।।

error: Content is protected !!
Call Now Button