आयुर्वेद आधारित अनुसंधान और जनस्वास्थ्य पर राज्यपाल से मिले पद्मश्री वैद्य बालेन्दु प्रकाश
आयुर्वेद आधारित अनुसंधान और जनस्वास्थ्य पर राज्यपाल से मिले पद्मश्री वैद्य बालेन्दु प्रकाश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। पद्मश्री सम्मानित आयुर्वेदाचार्य वैद्य बालेन्दु प्रकाश ने राजभवन, नैनीताल में उत्तराखण्ड के राज्यपाल गुरमीत सिंह से शिष्टाचार भेंट कर आयुर्वेद, अनुसंधान एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की इस अवसर पर वैद्य बालेन्दु प्रकाश ने ग्रामीण क्षेत्र में स्थित पड़ाव स्पेशियलिटी आयुर्वेदिक ट्रीटमेंट सेंटर, वैद्य चन्द्र प्रकाश कैंसर रिसर्च फाउंडेशन तथा शशि-चन्द्र रसशाला द्वारा संचालित अनुसंधान, उपचार और प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी राज्यपाल को दी। उन्होंने विशेष रूप से अग्नाशय (पैंक्रियाज) संबंधी रोगों, खासकर क्रॉनिक पैंक्रियाटाइटिस के आयुर्वेदिक प्रबंधन पर पिछले लगभग 30 वर्षों से किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि वर्ष 1997 से अब तक देश-विदेश के हजारों पैंक्रियाटाइटिस रोगियों का व्यवस्थित चिकित्सकीय अभिलेखीकरण किया गया है। इस दीर्घकालिक अनुभव से प्राप्त आंकड़ों के स्वतंत्र वैज्ञानिक मूल्यांकन एवं विश्लेषण के लिए राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों की सहभागिता से एक विशेष पहल प्रारम्भ की जा रही है, जिससे आयुर्वेदिक उपचारों के परिणामों का वस्तुनिष्ठ परीक्षण किया जा सके।
बैठक के दौरान पारम्परिक भारतीय ज्ञान प्रणाली, विशेषकर रसशास्त्र, के वैज्ञानिक अध्ययन एवं मानकीकरण पर भी चर्चा हुई। वैद्य बालेन्दु प्रकाश ने बताया कि उनकी अनुसंधान टीम धातु एवं खनिज आधारित आयुर्वेदिक औषधियों के निर्माण के दौरान होने वाले भौतिक एवं रासायनिक परिवर्तनों का आधुनिक विश्लेषणात्मक तकनीकों की सहायता से अध्ययन कर रही है। यह प्रयास आयुर्वेदिक औषध निर्माण प्रक्रियाओं को वैज्ञानिक दृष्टि से समझने और दस्तावेजीकृत करने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं।
राज्यपाल से हुई चर्चा में आयुर्वेद, आधुनिक चिकित्सा विज्ञान, विश्वविद्यालयों तथा अनुसंधान संस्थानों के मध्य सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर भी विचार-विमर्श हुआ। वैद्य बालेन्दु प्रकाश ने कहा कि अनुभवजन्य ज्ञान को वैज्ञानिक परीक्षण और पारदर्शिता के साथ प्रस्तुत किया जाना चाहिए, ताकि समाज को प्रमाण आधारित स्वास्थ्य विकल्प उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने राज्यपाल को फरवरी 2027 में प्रस्तावित ‘इंटरनेशनल पैंक्रियाटाइटिस कॉन्क्लेव इंडिया (IPCI-2027)’ की रूपरेखा से भी अवगत कराया। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्देश्य विश्वभर के चिकित्सकों, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और स्वास्थ्य विशेषज्ञों को एक साझा मंच पर लाकर पैंक्रियाटाइटिस एवं अन्य अग्नाशय संबंधी रोगों पर नवीनतम वैज्ञानिक और चिकित्सीय दृष्टिकोणों का आदान-प्रदान करना है। वैद्य बालेन्दु प्रकाश ने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे राज्य, जहां आयुर्वेद और पारम्परिक चिकित्सा की समृद्ध विरासत उपलब्ध है, वहां वैज्ञानिक अनुसंधान आधारित पहलें वैश्विक स्तर पर भारत की ज्ञान परम्परा को नई पहचान दिला सकती हैं। उन्होंने कहा कि राज्यपाल से हुई यह भेंट आयुर्वेद, अनुसंधान और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में चल रहे प्रयासों को नई दिशा और प्रेरणा प्रदान करेगी।।

