Monday, September 21, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 12 वर्षों में ऊधम सिंह नगर ने लिखी विकास की नई इबारत: डीएम

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 12 वर्षों में ऊधम सिंह नगर ने लिखी विकास की नई इबारत: डीएम

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

रुद्रपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं विकास के 12 वर्ष पूर्ण होने पर ऊधम सिंह नगर जनपद में विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को रेखांकित किया गया। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि बीते 12 वर्षों में जनपद विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत संरचना और औद्योगिक प्रगति के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों का साक्षी बना है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत जनपद में 10.78 लाख से अधिक लोगों को बैंकिंग प्रणाली से जोड़ा गया है, जबकि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 10.74 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 3,450 और शहरी क्षेत्रों में 7,040 आवासों का निर्माण पूर्ण किया गया है। जल जीवन मिशन के माध्यम से 1.95 लाख से अधिक घरों तक नल से जल कनेक्शन पहुंचाया गया है।

डीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से 97 हजार से अधिक किसान लाभान्वित हुए हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत 92 हजार से अधिक लोगों को स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। वहीं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत एक लाख से अधिक महिलाओं तथा उज्ज्वला योजना के माध्यम से 11 हजार से अधिक परिवारों को लाभ मिला है।

उन्होंने कहा कि जनजातीय विकास के लिए संचालित पीएम-जनमन अभियान में ऊधम सिंह नगर को देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, जो जनपद के लिए गौरव का विषय है। स्वास्थ्य क्षेत्र में रुद्रपुर में 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का लोकार्पण किया जा चुका है तथा लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य प्रगति पर है। किच्छा में एम्स सैटेलाइट सेंटर की स्थापना की दिशा में भी कार्य जारी है।
जिलाधिकारी ने बताया कि पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे के विकास के लिए 524.78 एकड़ भूमि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को हस्तांतरित की जा चुकी है। इसके अलावा रुद्रपुर रिंग रोड एवं बाईपास, काशीपुर बाईपास, गदरपुर बाईपास तथा खटीमा बाईपास जैसी महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएं क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था को मजबूत बना रही हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में बाजपुर और खटीमा में एकलव्य आवासीय विद्यालयों का निर्माण किया गया है। वहीं औद्योगिक विकास के तहत खुरपिया-किच्छा में लगभग 6,000 करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट इंडस्ट्रियल सिटी विकसित की जा रही है, जिससे करीब 75 हजार रोजगार सृजित होने की संभावना है। सितारगंज में इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क और काशीपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर की स्थापना भी औद्योगिक विकास को नई दिशा दे रही है। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में ऊधम सिंह नगर में विकास और जनकल्याण की नई गाथा लिखी गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की दूरदर्शी नीतियों और जनहितकारी योजनाओं का लाभ जनपद के लाखों नागरिकों तक पहुंचा है, जिससे विकसित भारत के संकल्प को मजबूती मिली है।।

error: Content is protected !!
Call Now Button