UKSSSC परीक्षा को लेकर ऊधम सिंह नगर पुलिस अलर्ट, एसएसपी अजय गणपति ने दिए कड़े निर्देश
UKSSSC परीक्षा को लेकर ऊधम सिंह नगर पुलिस अलर्ट, एसएसपी अजय गणपति ने दिए कड़े निर्देश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। आगामी 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए ऊधम सिंह नगर पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। इसी क्रम में गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति ने जनपद के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महत्वपूर्ण बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
एसएसपी ने बताया कि जनपद में परीक्षा के लिए 55 केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 55 मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने तथा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार के बाहर सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग करने, महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती तथा बॉडी वॉर्न कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा परीक्षा शुरू होने से पहले सभी परीक्षा कक्षों की तलाशी लेकर जैमर की कार्यशीलता जांचने को भी कहा गया।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा डिजिटल एवं एनालॉग घड़ियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और गरिमा बनाए रखने के लिए 14 जून को जनपद के सभी कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे और आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में भर्ती परीक्षाओं में धांधली, पेपर लीक या नकल से जुड़े पूर्व संदिग्धों और आरोपितों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। स्थानीय पुलिस और एलआईयू उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखेगी। साथ ही परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए यातायात व्यवस्था को भी सुचारु रखने पर जोर दिया गया।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि यदि कोई नकल माफिया, सॉल्वर गैंग या अन्य असामाजिक तत्व परीक्षा की निष्पक्षता को प्रभावित करने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऊधम सिंह नगर पुलिस परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।।

