नमामि गंगे की समीक्षा बैठक में डीएम मनीष कुमार सख्त, लीगेसी वेस्ट निस्तारण और स्वच्छता पर दिए कड़े निर्देश जनपद में स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और नदी संरक्षण कार्यों की हुई विस्तृत समीक्षा
नमामि गंगे की समीक्षा बैठक में डीएम मनीष कुमार सख्त, लीगेसी वेस्ट निस्तारण और स्वच्छता पर दिए कड़े निर्देश
जनपद में स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और नदी संरक्षण कार्यों की हुई विस्तृत समीक्षा
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
जिलाधिकारी एवं जिला गंगा समिति के अध्यक्ष मनीष कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में ‘नमामि गंगे’ कार्यक्रम के तहत गठित जिला स्तरीय गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सीवरेज व्यवस्था और नदी संरक्षण से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लीगेसी वेस्ट (पुराने कचरे) के वैज्ञानिक एवं शीघ्र निस्तारण के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त वातावरण के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाना बेहद जरूरी है।
डीएम ने अधिशासी अधिकारियों और जिला पंचायत के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान स्थापित किए जाएं। साथ ही ऐसे स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं ताकि कूड़ा फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त चालानी कार्रवाई की जा सके।
बैठक के दौरान नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को सीवरेज व्यवस्था मजबूत करने, ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण, लीगेसी वेस्ट प्रबंधन तथा जैव-चिकित्सा अपशिष्ट के सुरक्षित निपटान को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने नदी तटीय क्षेत्रों के संरक्षण, स्वच्छता एवं पुनर्जीवन कार्यों की भी समीक्षा करते हुए स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रमों के व्यापक आयोजन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को सुदृढ़ बनाने, सीवरेज नेटवर्क के विस्तार तथा जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, एसडीओ वन विभाग सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग मोहन पलड़िया, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत कमलेश सिंह बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
डीएम मनीष कुमार ने स्पष्ट किया कि स्वच्छ गंगा और स्वच्छ पर्यावरण के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा तथा निर्धारित समयसीमा में सभी कार्यों को धरातल पर उतारना सुनिश्चित करना होगा।।

