कुमायूँ परिक्षेत्र को मिला नया नेतृत्व, IG निवेदिता कुकरेती ने संभाली कमान
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
नैनीताल। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी निवेदिता कुकरेती ने मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक (IG) कुमायूँ परिक्षेत्र, नैनीताल का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण, जनसेवा और पुलिस-जन संवाद को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद IG कुकरेती ने परिक्षेत्रीय कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और अन्य महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की।
महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और नशे के खिलाफ अभियान रहेगा प्राथमिकता
पत्रकार वार्ता के दौरान IG निवेदिता कुकरेती ने कहा कि कुमायूँ परिक्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाने तथा जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को और मजबूत बनाने की बात भी कही।
कैंची धाम मेला और पर्यटन सीजन पर विशेष फोकस
IG कुकरेती ने कहा कि आगामी कैंची धाम स्थापना दिवस, पर्यटन सीजन और बढ़ती पर्यटक गतिविधियों को देखते हुए श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा तथा सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना प्राथमिकता होगी। इसके लिए पार्किंग, शटल सेवा, डायवर्जन प्लान और भीड़ नियंत्रण की व्यापक कार्ययोजना लागू की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को निर्बाध यात्रा एवं दर्शन की सुविधा मिल सके।
आधुनिक पुलिसिंग और पुलिस कर्मियों के कल्याण पर जोर
नई IG ने कहा कि पुलिस बल के आधुनिकीकरण, तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग, स्मार्ट पुलिसिंग और अपराध विश्लेषण प्रणाली को और मजबूत किया जाएगा। साथ ही पुलिस कर्मियों के कल्याण एवं क्षमता विकास के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
मीडिया को बताया महत्वपूर्ण भागीदार
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि समाज में शांति, सुरक्षा और जनजागरूकता के प्रसार में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। पुलिस और मीडिया के बेहतर समन्वय से जनहित से जुड़े कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
कार्यभार ग्रहण करते ही कैंची धाम का किया निरीक्षण
कार्यभार संभालने के तुरंत बाद IG निवेदिता कुकरेती कैंची धाम पहुँचीं और आगामी मेले व पर्यटन सीजन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थलों, सुरक्षा प्रबंधों, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए इस दौरान उन्होंने मंदिर समिति से भी समन्वय बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और व्यवस्थित दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग मिलकर कार्य करेंगे।।

