हैदराबाद की 5 करोड़ की ज्वेलरी चोरी का सनसनीखेज खुलासा: नेपाल भागने से पहले तीन आरोपी गिरफ्तार IPS अधिकारी की सूचना पर आधी रात एक्शन में उतरे SSP अजय गणपति, करोड़ों के जेवर बरामद
हैदराबाद की 5 करोड़ की ज्वेलरी चोरी का सनसनीखेज खुलासा: नेपाल भागने से पहले तीन आरोपी गिरफ्तार
IPS अधिकारी की सूचना पर आधी रात एक्शन में उतरे SSP अजय गणपति,संयुक्त पुलिस अभियान बना मिसाल करोड़ों के जेवर बरामद
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर/रामपुर। हैदराबाद में हुई करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य के आभूषणों की चोरी के मामले में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। नेपाल भागने की फिराक में लगे नेपाली मूल के तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करोड़ों रुपये मूल्य के चोरी किए गए आभूषण बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई को अंतर्राज्यीय पुलिस समन्वय और त्वरित कार्रवाई का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।
आधी रात मिली सूचना, तुरंत सक्रिय हुए SSP
पुलिस सूत्रों के अनुसार हैदराबाद में हुई हाई-प्रोफाइल ज्वेलरी चोरी की जांच कर रही तेलंगाना पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी कि चोरी में शामिल आरोपी उत्तराखंड के रास्ते नेपाल फरार होने की योजना बना रहे हैं। इस संबंध में तेलंगाना के एक वरिष्ठ IPS अधिकारी ने देर रात उत्तराखंड के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति से संपर्क कर आरोपियों की संभावित लोकेशन और मूवमेंट की जानकारी साझा की।
सूचना मिलते ही SSP अजय गणपति ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस अधिकारियों को अलर्ट किया और स्वयं पूरे ऑपरेशन की कमान संभाल ली उनके निर्देश पर एसओजी, रुद्रपुर पुलिस और अन्य टीमें सक्रिय कर दी गईं।
बॉर्डर पर चला सघन चेकिंग अभियान
रातभर रुद्रपुर-बिलासपुर बॉर्डर सहित विभिन्न संवेदनशील मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस को इनपुट मिला था कि आरोपी बस के जरिए नेपाल की ओर भाग सकते हैं। इसी आधार पर संदिग्ध वाहनों और यात्री बसों की गहन तलाशी ली गई चेकिंग के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध बस में तीन नेपाली मूल के युवक मिले, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उनसे पूछताछ की गई। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके बाद उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रामपुर जनपद के बिलासपुर क्षेत्र में तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
करोड़ों के जेवर बरामद
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से हैदराबाद से चोरी किए गए करोड़ों रुपये मूल्य के आभूषण बरामद किए गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद जेवरों की पहचान चोरी की गई संपत्ति के रूप में की गई है। बरामदगी उत्तर प्रदेश सीमा क्षेत्र में होने के कारण आगे की वैधानिक कार्रवाई बिलासपुर पुलिस द्वारा की जा रही है।
SSP अजय गणपति के नेतृत्व की सराहना
पूरे ऑपरेशन के दौरान SSP अजय गणपति लगातार मौके पर मौजूद रहकर टीमों का मार्गदर्शन करते रहे। उनकी सक्रिय निगरानी और त्वरित निर्णय क्षमता के चलते आरोपियों को नेपाल सीमा तक पहुंचने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो आरोपी नेपाल पहुंचकर गिरफ्तारी से बच सकते थे, जिससे जांच और बरामदगी दोनों प्रभावित होतीं।
संयुक्त पुलिस अभियान बना मिसाल
इस सफलता में रुद्रपुर पुलिस, एसओजी और रामपुर पुलिस की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने इसे राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, खुफिया सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और प्रभावी पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चोरी की इस वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा चोरी के आभूषणों को ठिकाने लगाने के लिए किस नेटवर्क का इस्तेमाल किया जाना था।।

