विश्व पर्यावरण दिवस पर सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हुआ भव्य वृक्षारोपण, 100 से अधिक पौधे लगाए
विश्व पर्यावरण दिवस पर सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हुआ भव्य वृक्षारोपण, 100 से अधिक पौधे लगाए
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून 2026 को सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विविध कार्यक्रमों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. प्रदीप कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। मुख्य वक्ता के रूप में वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. भरत सिंह राजपूत ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशील होना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। तेजी से हो रही वृक्षों की कटाई चिंता का विषय है, जिसे रोकने के साथ-साथ बड़े स्तर पर वृक्षारोपण को बढ़ावा देना होगा। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण को केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनआंदोलन के रूप में स्वीकार करना होगा।
द्वितीय मुख्य वक्ता अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. मनोज पांडे ने अपने प्रेरणादायक और शायरी शैली के संबोधन के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने प्रकृति और मानव जीवन के गहरे संबंधों को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. प्रदीप कुमार ने वृक्षों की उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि प्रकृति सबसे बड़ी शिक्षक है। एक छोटा पौधा कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए विशाल वृक्ष बनता है और जीवनभर मानवता को छाया, ऑक्सीजन एवं अन्य संसाधन प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार वृक्ष धूप, बारिश, आंधी और तूफान को सहन करते हुए निरंतर आगे बढ़ता है, उसी प्रकार मनुष्य को भी जीवन के संघर्षों से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य एवं भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. पूनम रौतेला ने विद्यार्थियों को विभिन्न पर्यावरणविदों के योगदान से अवगत कराया और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि छात्र-छात्राओं एवं प्राध्यापकों द्वारा महाविद्यालय परिसर में 100 से अधिक पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ए.एन. सिंह, वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. भरत सिंह राजपूत एवं प्रो. मनोज पांडे के मार्गदर्शन और प्रेरणा से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। भविष्य में महाविद्यालय को ग्रीन कैंपस के रूप में विकसित करने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी, शोध छात्र-छात्राएं कमला आर्य, लक्ष्मी आर्य, कुमकुम मिश्रा सहित सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्रसंघ अध्यक्ष रजत सिंह बिष्ट, छात्रसंघ सचिव जसवंत सिंह, पूर्व छात्रसंघ सचिव सचिन वर्मा तथा छात्रसंघ के अन्य पदाधिकारियों ने भी वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया।।

