विश्व पर्यावरण दिवस पर SSP अजय गणपति ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
विश्व पर्यावरण दिवस पर SSP अजय गणपति ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन रुद्रपुर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के नेतृत्व में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एसएसपी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्धन में अपना योगदान दे। एक पौधा केवल वृक्ष नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वायु, शुद्ध जल और सुरक्षित भविष्य का आधार है।
उन्होंने पुलिस कर्मियों से अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े उपाय अपनाने, अधिक पौधारोपण करने और आमजन को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा पौधों की नियमित देखभाल का प्रण भी लिया।
इस अवसर पर जितेंद्र चौधरी, डी.आर. वर्मा, गजेंद्र सिंह परवाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने जनपदवासियों से पर्यावरण संरक्षण अभियान में सहभागी बनने, अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखने की अपील की।।

