ऊधम सिंह नगर

हेपेटाइटिस प्रभावित क्षेत्रों का सीएमओ ने किया निरीक्षण, स्वास्थ्य टीमों को दिए सख्त निर्देश

हेपेटाइटिस प्रभावित क्षेत्रों का सीएमओ ने किया निरीक्षण, स्वास्थ्य टीमों को दिए सख्त निर्देशसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

सितारगंज। नयागांव एवं आसपास के क्षेत्रों में वायरल हेपेटाइटिस (पीलिया) के संदिग्ध मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया तथा मौके पर तैनात स्वास्थ्य टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने निर्देशित किया कि डोर-टू-डोर सर्वेक्षण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। पीलिया, बुखार एवं पेट दर्द जैसे लक्षणों वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनकी तत्काल जांच और उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बीमारी के संभावित स्रोत के रूप में दूषित पानी की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों को स्वच्छ एवं उबला हुआ पानी पीने के लिए जागरूक किया जाए तथा सार्वजनिक पेयजल स्रोतों के क्लोरीनीकरण की प्रक्रिया तेज की जाए।

स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पॉन्स टीम (आरआरटी) द्वारा क्षेत्र के सार्वजनिक पेयजल स्रोतों, हैंडपंपों और प्रभावित परिवारों के घरों से पानी के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। सीएमओ ने कहा कि आम जनता के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

दौरे के दौरान संबंधित क्षेत्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप यादव, आईडीएसपी टीम के डॉ. संतोष कुमार पांडेय सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिए।।

error: Content is protected !!
Call Now Button