ऊधम सिंह नगर

विश्व पर्यावरण दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, बच्चों ने नुक्कड़ नाटक से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

विश्व पर्यावरण दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, बच्चों ने नुक्कड़ नाटक से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेशसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

चम्पावत। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को वन विभाग द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने प्रतिभाग किया। इस दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पर्यावरण एवं जल संरक्षण का संदेश दिया गया।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत बच्चों से होनी चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों को प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति और परंपराओं में प्रकृति संरक्षण का विशेष महत्व रहा है तथा हरेला जैसे पर्व हमें पर्यावरण बचाने की प्रेरणा देते हैं।कार्यक्रम में माउंट कार्मेल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। बच्चों ने हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प भी लिया विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय ने लोगों से अपने घर, विद्यालय और कार्यालय में “एक पेड़ माँ के नाम” लगाने तथा उसकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने स्वच्छता बनाए रखने पर भी जोर दिया।

उत्तराखंड वन एवं पर्यावरण सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष श्याम नारायण पाण्डेय ने कहा कि “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” थीम को सार्थक बनाने के लिए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाना होगा। उन्होंने लोगों से जलवायु और प्रकृति संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर श्याम नारायण पाण्डेय, प्रेमा पाण्डेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश चन्द्र तिवारी एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उप प्रभागीय वनाधिकारी (एसडीओ) सुनील कुमार ने भी अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा माउंट कार्मेल स्कूल चम्पावत के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button