मातृ मृत्यु दर को कम करने हेतु सीडीओ ने की समीक्षा बैठक, दिए कड़े निर्देश
मातृ मृत्यु दर को कम करने हेतु सीडीओ ने की समीक्षा बैठक, दिए कड़े निर्देश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। जनपद में मातृ मृत्यु दर को कम करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दिवेश शाशनी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गर्भवती महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मातृ मृत्यु दर में कमी लाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सीडीओ ने निर्देश दिए कि जनपद के सभी चिकित्सालयों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में एएनएम की साप्ताहिक ड्यूटी रोस्टर व्यवस्था को अनिवार्य रूप से लागू किया जाए, जिससे क्षेत्रीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित हो सके समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य विभाग में जहां भी विभागीय अथवा आधारभूत स्तर की कमियां पाई गईं, उन्हें तत्काल दूर करने और कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं (हाई रिस्क प्रेग्नेंसी-एचआरपी) की पहचान और निगरानी पर विशेष जोर देते हुए सीडीओ ने कहा कि ऐसे सभी मामलों की दैनिक रिपोर्ट अनिवार्य रूप से उनके कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
बैठक में सुरक्षित प्रसव को बढ़ावा देने और मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए गृह प्रसव (होम डिलीवरी) के मामलों पर सख्त रुख अपनाया गया। सीडीओ ने स्पष्ट किया कि होम डिलीवरी को बढ़ावा देने या उसमें लापरवाही बरतने वाली दाइयों के खिलाफ वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने पर बल दिया।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित प्रभारियों और चिकित्सा अधिकारियों से स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, संसाधनों की आवश्यकता तथा अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों को शीघ्र उनके कार्यालय को भेजने की अपील की, ताकि उन पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।
सीडीओ दिवेश शाशनी ने कहा कि जनपद में मातृ मृत्यु दर को न्यूनतम स्तर पर लाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल, एसीएमओ डॉ. डी.पी. सिंह, एस.पी. सिंह, डीपीओ मुकुल चौधरी, डॉ. मधु माथुर, डॉ. पी.डी. गुप्ता, डॉ. कुलदीप यादव, डॉ. राहुल गौड़, डॉ. नेहा सिद्दीकी, डीपीएम हिमांशु मस्यूनी, चांद मियां, निधि, आमिर सहित संबंधित एएनएम और आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।।

