भूरारानी में 7 एकड़ में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर, प्राधिकरण ने ध्वस्त किए निर्माण कार्य
भूरारानी में 7 एकड़ में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर, प्राधिकरण ने ध्वस्त किए निर्माण कार्य
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन के निर्देश पर प्राधिकरण की टीम ने भूरारानी क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही एक कॉलोनी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्यों को ध्वस्त कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाद संख्या-75/2024 के अंतर्गत पदम सिंह, गिरीश जोशी, राजेन्द्र सिंह कनवाल एवं इन्द्र सिंह कनवाल द्वारा लगभग 7 एकड़ भूमि पर बिना स्वीकृति के कॉलोनी विकसित की जा रही थी। मामले में प्राधिकरण द्वारा पूर्व में ध्वस्तीकरण आदेश जारी किया गया था, जिसके अनुपालन में यह कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के सहायक अभियंता, अवर अभियंता, पुलिस बल तथा अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों की सहायता से स्थल पर किए गए अवैध निर्माण एवं विकास कार्यों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
प्राधिकरण अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध निर्माण और बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।।

