ऊधम सिंह नगर

वायरल वीडियो का संज्ञान लेते ही पुलिस की कार्रवाई, तलवार लेकर हत्या की नीयत से घूम रहा आरोपी गिरफ्तार

वायरल वीडियो का संज्ञान लेते ही पुलिस की कार्रवाई, तलवार लेकर हत्या की नीयत से घूम रहा आरोपी गिरफ्तारसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए हत्या के प्रयास और क्षेत्र में दहशत फैलाने के आरोपी को घटना में प्रयुक्त तलवार सहित गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की पुलिस के अनुसार, 1 जून को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक तलवार लहराते हुए वाहन में तोड़फोड़ कर क्षेत्र में भय का माहौल बनाता दिखाई दे रहा था। वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने जांच और वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जांच में पता चला कि घटना चौकी रम्पुरा क्षेत्र के प्रीत विहार की है। यहां रहने वाले रेहान पुत्र मोहम्मद अहमद के पारिवारिक विवाद के चलते उसका रिश्तेदार कादिर निवासी रेशमबाड़ी तलवार लेकर उसके घर पहुंचा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी की मंशा रेहान पर जानलेवा हमला करने की थी, लेकिन सीसीटीवी कैमरे में उसे देख लेने के कारण घर का गेट नहीं खोला गया।

इससे नाराज होकर आरोपी ने घर के बाहर खड़ी कार पर तलवार से हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया और क्षेत्र में दहशत फैलाते हुए फरार हो गया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में एफआईआर संख्या 273/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया
पुलिस को 3 जून को सूचना मिली कि आरोपी कादिर पुनः तलवार लेकर ब्लॉक रोड क्षेत्र में घूम रहा है और पीड़ित की तलाश कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तलवार बरामद होने के बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कादिर पुत्र शब्बीर निवासी वार्ड नंबर 13, रेशमबाड़ी, थाना रुद्रपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र 25 वर्ष बताई गई है।
बरामदगी
घटना में प्रयुक्त एक तलवार
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था को चुनौती देने, आमजन में भय और दहशत फैलाने तथा शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऊधम सिंह नगर पुलिस अपराधियों के विरुद्ध पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्रवाई कर रही है और आगे भी करती रहेगी।।

error: Content is protected !!
Call Now Button