घर में बंधक बनाकर लूट और बाइक चोरी का खुलासा, तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार
घर में बंधक बनाकर लूट और बाइक चोरी का खुलासा, तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाकर तमंचे के बल पर लूट और मोटरसाइकिल चोरी की सनसनीखेज वारदात का सफल खुलासा करते हुए मामले के तीसरे वांछित आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही घटना में शामिल सभी तीनों अभियुक्त अब पुलिस गिरफ्त में आ चुके हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में अपराधियों एवं वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुलभट्टा पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर एवं क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष पुलभट्टा के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार फरार चल रहे आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, मामले में पूर्व में दो अभियुक्तों को लूट के माल एवं अवैध तमंचों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। जबकि तीसरा आरोपी फरार चल रहा था। गुरुवार को थाना पुलभट्टा पुलिस ने मु0 एफआईआर संख्या 11/2026 एवं 12/2026 से संबंधित वांछित अभियुक्त शकील मियां पुत्र हसीन मियां निवासी ग्राम लोहार नगला, थाना फतेहगंज पश्चिमी, जनपद बरेली (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल, लूटे गए जेवरात तथा 30 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद जेवरात में एक जोड़ी कान के रिंग और एक जोड़ी पायल शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों एवं अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
बरामदगी
01 अवैध तमंचा 315 बोर
01 जिंदा कारतूस 315 बोर
01 चोरी की मोटरसाइकिल
एक जोड़ी कान के रिंग
एक जोड़ी पायल
₹30,000 नकद
गिरफ्तारी करने वाली टीम उप निरीक्षक दिनेश चन्द्र भट्ट, उप निरीक्षक धीरज वर्मा, अपर उप निरीक्षक प्रकाश चन्द्र, हेड कांस्टेबल संजू राम एवं कांस्टेबल मनोज मेहरा शामिल रहे।।

