ऊधम सिंह नगर

10 लाख रुपये की चरस के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार, ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई

10 लाख रुपये की चरस के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार, ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाईसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। उत्तराखंड सरकार के “नशा मुक्त देवभूमि” अभियान के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और पंतनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब 10 लाख रुपये मूल्य की 1 किलो 150 ग्राम अवैध चरस के साथ दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 3 जून को रेलवे फाटक के आगे सैनिक फार्म मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली।

तलाशी में अभियुक्त सुमित सिंह चमयाल के कब्जे से 1 किलो 43 ग्राम तथा योगेश लमगड़िया के कब्जे से 107 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। दोनों के पास से कुल 1 किलो 150 ग्राम चरस, दो मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद चरस की कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पंतनगर में एफआईआर संख्या 107/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद चरस उन्हें नीरज बिष्ट निवासी केदारनाथ, थाना पाटी, जनपद चम्पावत से प्राप्त हुई थी। पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच कर सप्लायर और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी है।

गिरफ्तार आरोपियों में सुमित सिंह चमयाल निवासी पखोंटी, थाना पाटी, जनपद चम्पावत तथा योगेश लमगड़िया निवासी कटना, थाना मुक्तेश्वर, जनपद नैनीताल शामिल हैं। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है।

error: Content is protected !!
Call Now Button