5 वर्षीय बच्ची के अपहरण का आरोप, पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज न करने का आरोप
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
गदरपुर। गदरपुर क्षेत्र की एक महिला ने अपनी 5 वर्षीय नातिन के अपहरण का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की गुहार लगाई है। महिला का कहना है कि उसकी नातिन घर के बाहर खेलते समय संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई, लेकिन स्थानीय पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज नहीं की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सूरजपुर, गदरपुर निवासी रंजीत कौर ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनकी 5 वर्षीय नातिन निमरत कौर 2 जून 2026 की शाम करीब 5 बजे घर के बाहर खेल रही थी। काफी देर तक घर वापस न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की इस दौरान पड़ोसियों ने बताया कि कुछ लोग बच्ची को जबरन अपने साथ ले गए हैं।
रंजीत कौर का आरोप है कि उन्होंने और उनके परिजनों ने बच्ची की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद वह अपने पुत्र के साथ थाना गदरपुर पहुंचीं और घटना की सूचना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय उन्हें डरा-धमकाकर वापस भेज दिया।
पीड़िता ने एसएसपी से मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर बच्ची की सकुशल बरामदगी के लिए प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने बच्ची का फोटो भी शिकायती पत्र के साथ संलग्न किया है। मामले को लेकर क्षेत्र में चिंता का माहौल है। वहीं, पुलिस का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका था।।

