एनजीटी निर्देशों के अनुपालन को लेकर जिलाधिकारी ने किया अपशिष्ट निस्तारण स्थल का निरीक्षण
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चंपावत। माननीय राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों के अनुपालन एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2016 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने नगर पालिका परिषद चंपावत के ललुआपानी रोड स्थित अपशिष्ट निस्तारण स्थल (लेगेसी वेस्ट ट्रीटमेंट) का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता व्यवस्था तथा कूड़ा निस्तारण से जुड़े मानकों की अनदेखी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि शहरी विकास निदेशालय, उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में माननीय एनजीटी में लंबित वाद की आगामी सुनवाई प्रस्तावित है। ऐसे में जनपद के सभी नगर निकायों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरणीय सुधार कार्यों एवं स्वच्छ भारत मिशन से संबंधित अद्यतन अनुपालन रिपोर्ट निर्धारित समयावधि के भीतर निदेशालय को उपलब्ध करानी होगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कूड़ा निस्तारण एवं अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित आंकड़ों की रिपोर्टिंग पूर्ण पारदर्शिता और सत्यता के साथ की जाए। उन्होंने कहा कि भ्रामक सूचना, अपूर्ण आंकड़े अथवा रिपोर्ट प्रस्तुत करने में किसी भी प्रकार की देरी को गंभीर लापरवाही माना जाएगा।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को एनजीटी द्वारा निर्धारित समय-सीमा का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि के भीतर आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध नहीं कराए जाने पर इसे शासन के आदेशों की अवहेलना एवं दायित्वों के निर्वहन में गंभीर शिथिलता मानते हुए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का प्रभावी पालन जनहित और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका भारत त्रिपाठी, सिटी मिशन मैनेजर महेश चौहान, अधिशासी अभियंता आशीष धीमान सहित पालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।।

