एसएसपी अजय गणपति की रणनीति से वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 5 शातिर गिरफ्तार, 11 चोरी की बाइक बरामद
एसएसपी अजय गणपति की रणनीति से वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 5 शातिर गिरफ्तार, 11 चोरी की बाइक बरामद
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर/खटीमा। ऊधम सिंह नगर पुलिस को वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे में बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली ट्रांजिट कैम्प और कोतवाली खटीमा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए पांच शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की कुल 11 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
एसएसपी अजय गणपति द्वारा जनपद में संपत्ति संबंधी अपराधों, वाहन चोरी और संगठित अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी खटीमा के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया।
ट्रांजिट कैम्प पुलिस ने तीन वाहन चोर दबोचे
दो जून को ट्रांजिट कैम्प पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति गणेशपुर रोड स्थित खंडहर के पास चोरी की बाइक के साथ मौजूद हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कई वाहन चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई पांच अन्य चोरी की
मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।
गिरफ्तार आरोपियों में सचिन पाल (23 वर्ष), अरुण (20 वर्ष) और आशीष श्रीवास्तव (20 वर्ष) शामिल हैं। बरामद वाहन ट्रांजिट कैम्प और पंतनगर क्षेत्र में दर्ज विभिन्न वाहन चोरी के मुकदमों से संबंधित पाए गए
खटीमा पुलिस ने दो शातिर चोरों को किया गिरफ्तार
खटीमा क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं के अनावरण के लिए गठित टीम ने ग्राम सुजिया मार्ग के पास से फरमान फरीदी उर्फ फुकना को चोरी की बाइक सहित गिरफ्तार किया पूछताछ में उसने अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा किया उसकी निशानदेही पर कई चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईंइसके बाद पुलिस ने लाल कोठी रोड, चकरपुर क्षेत्र से पवन धामी को गिरफ्तार किया दोनों आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर कुल पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बाजारों, दुकानों, कॉलोनियों, जिम और सार्वजनिक स्थलों पर खड़ी मोटरसाइकिलों की पहले रेकी करते थे। मौका मिलने पर लॉक तोड़कर वाहन चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद वाहनों को झाड़ियों और सुनसान स्थानों पर छिपा दिया जाता था तथा बाद में उन्हें कम कीमत पर बेचकर आर्थिक लाभ कमाया जाता था।
11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद
पुलिस ने दोनों कार्रवाइयों में कुल 11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें हीरो स्प्लेंडर, हीरो एचएफ डीलक्स, हीरो पैशन प्रो, टीवीएस स्पोर्ट और यामाहा आरएक्स जैसी बाइक शामिल हैं।
अपराधियों पर जारी रहेगा प्रहार
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में वाहन चोरी, संपत्ति अपराध और संगठित अपराधों के विरुद्ध “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।।

