ऊधम सिंह नगर

घर के आगे गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में युवक की मौत, दो आरोपी गिरफ्तार

घर के आगे गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में युवक की मौत, दो आरोपी गिरफ्तारसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

रुद्रपुर/ऊधमसिंहनगर। घर के आगे वाहन खड़ा करने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, महुआखेड़ागंज निवासी अनीश पुत्र कासम अली ने कोतवाली आईटीआई में तहरीर देकर बताया कि 30 मई की रात करीब 11 बजे वह अपनी पोती की शादी की तैयारियों में व्यस्त थे। इसी दौरान अली अकबर और अहमद रजा अपने वाहन को उनके घर के सामने खड़ा कर गए। शादी का सामान रखने में दिक्कत होने पर जब वाहन हटाने के लिए कहा गया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।

आरोप है कि इसके बाद विपक्षी पक्ष के लोग लाठी-डंडों और अन्य हथियारों के साथ मौके पर पहुंचे और शिकायतकर्ता तथा उसके परिजनों के साथ मारपीट की। घटना में अफजल पुत्र महबूब अली के सिर पर लोहे की रॉड लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां 31 मई को उनकी मौत हो गई। घटना में अन्य लोग भी घायल हुए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर कोतवाली आईटीआई में मुकदमा संख्या 150/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह राठौर ने स्वयं संभालते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की।

पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी अली अकबर पुत्र सुबराती तथा नाजिम पुत्र सुबराती, निवासी महुआखेड़ागंज, को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

विक्रम सिंह राठौर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली आईटीआई

वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरविंद बहुगुणा

उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह

उपनिरीक्षक सुनील कुमार

उपनिरीक्षक पुष्कर भट्ट

कांस्टेबल धर्मेन्द्र भारती

कांस्टेबल सुरेन्द्र काम्बोज

कांस्टेबल जगदीश दुग्ताल

कांस्टेबल नरेश चौहान

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।।

error: Content is protected !!
Call Now Button