मल्ली मालगांव के अमन टम्टा बने राज्य कर अधिकारी, उत्तराखंड पीसीएस 2024 में हासिल की बड़ी सफलता
मल्ली मालगांव के अमन टम्टा बने राज्य कर अधिकारी, उत्तराखंड पीसीएस 2024 में हासिल की बड़ी सफलता
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
अल्मोड़ा। जिले के मल्ली मालगांव निवासी अमन टम्टा ने उत्तराखंड पीसीएस परीक्षा 2024 में शानदार सफलता प्राप्त कर क्षेत्र और परिवार का नाम रोशन किया है। अमन टम्टा का चयन राज्य कर अधिकारी (वित्त विभाग) के पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है तथा उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
अमन टम्टा, श्री राजेन्द्र प्रसाद टम्टा एवं श्रीमती कमला टम्टा के पुत्र हैं। सीमित संसाधनों और कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच उन्होंने अपने अथक परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित पीसीएस परीक्षा राज्य की सबसे प्रतिष्ठित और चुनौतीपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में गिनी जाती है, जिसमें हर वर्ष हजारों अभ्यर्थी भाग लेते हैं, लेकिन सफलता कुछ ही उम्मीदवारों को मिल पाती है।
अमन की सफलता की खबर मिलते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिजनों, मित्रों, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया। लोगों का कहना है कि अमन ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्र के युवा भी बड़े लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।
अमन की प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय विद्यालयों में हुई। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रशासनिक सेवाओं में जाने का सपना देखा और उसी लक्ष्य को लेकर निरंतर तैयारी करते रहे। कठिन परिश्रम, सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति समर्पण ने उन्हें सफलता की मंजिल तक पहुंचाया। उनकी इस उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।
अमन टम्टा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और शुभचिंतकों को दिया है। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन के बिना यह सफलता संभव नहीं थी। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को निरंतर मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास बनाए रखने का संदेश भी दिया।
अमन के राज्य कर अधिकारी पद पर चयन होने से मल्ली मालगांव सहित पूरे अल्मोड़ा जिले में गौरव का माहौल है। विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि अमन की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और अधिक से अधिक युवाओं को उच्च सेवाओं में जाने के लिए प्रोत्साहित करेगी।।

