156 करोड़ की लागत से बने 1872 पीएम आवास जल्द होंगे आवंटित
156 करोड़ की लागत से बने 1872 पीएम आवास जल्द होंगे आवंटित
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। बागवाला में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 156 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 1872 आवासों का शीघ्र ही लाभार्थियों को आवंटन किया जाएगा। शुक्रवार को सचिव आवास एवं राज्य सम्पत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने रुद्रपुर पहुंचकर विकास प्राधिकरण की विभिन्न निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों से विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी ली निरीक्षण के दौरान सचिव ने बागवाला स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित आवासों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही आवासों का लोकार्पण कर लाभार्थियों को चाबियां सौंपी जाएंगी। साथ ही प्राधिकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि लाभार्थियों से निर्धारित धनराशि शीघ्र जमा कराई जाए, ताकि आवंटन प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण ने बताया कि पीएम आवास योजना के तहत 3 लाख रुपये सरकार द्वारा तथा 3 लाख रुपये लाभार्थी को जमा करने होते हैं। अब तक 185 लाभार्थियों ने पूरी धनराशि जमा कर दी है, जबकि 222 लाभार्थियों को पत्र एवं दूरभाष के माध्यम से भुगतान करने के लिए सूचित किया गया है। सचिव प्राधिकरण ने बताया कि आवासों की साफ-सफाई और परिसर में पौधारोपण का कार्य जारी है। परिसर में एसटीपी का निर्माण भी पूरा कर लिया गया है और उसकी टेस्टिंग भी हो चुकी है।
सचिव आवास ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री अथवा मुख्यमंत्री द्वारा जल्द ही योजना का लोकार्पण कराया जाएगा उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 भी शीघ्र शुरू होने जा रही है, जिसके लिए अधिकारियों को भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके बाद सचिव ने त्रिशूल चौक के पास लोक निर्माण विभाग की 6.5 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित कुमाऊं कॉमर्शियल कुटीर बहुमंजिला भवन परियोजना का निरीक्षण किया अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना में बहुमंजिला आवासीय एवं कॉमर्शियल भवन बनाए जाएंगे, जिसकी प्रारंभिक डीपीआर शासन को भेज दी गई है। सचिव ने रामपुर रोड पर प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना का भी निरीक्षण किया अधिकारियों के अनुसार 48 एकड़ क्षेत्र में प्रस्तावित इस परियोजना की 72 करोड़ रुपये की प्रारंभिक डीपीआर शासन को भेजी गई है। सचिव ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर बनने से ट्रांसपोर्टरों को सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी।
इसके उपरांत सचिव ने त्रिशूल चौक से मेडिकल कॉलेज तक सड़क चौड़ीकरण कार्य तथा कलेक्ट्रेट परिसर में निर्माणाधीन विकास प्राधिकरण कार्यालय का भी निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए इस अवसर पर उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, सीडीओ दिवेश शाशनी, सचिव जिला विकास प्राधिकरण पंकज उपाध्याय, एमएनए शिप्रा जोशी एवं अधिशासी अभियंता लोनिवि गजेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।।

