पंडित नेहरू की पुण्यतिथि पर कांग्रेसियों ने किया नमन, ममता रानी बोलीं— “देश निर्माण में कांग्रेस का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता”
पंडित नेहरू की पुण्यतिथि पर कांग्रेसियों ने किया नमन, ममता रानी बोलीं— “देश निर्माण में कांग्रेस का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता”
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर रुद्रपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा और सादगी के साथ उन्हें याद किया कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ममता रानी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता रुद्रपुर सिटी क्लब पहुंचे, जहां पंडित नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पंडित नेहरू के देश निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ममता रानी ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू केवल देश के प्रथम प्रधानमंत्री ही नहीं थे, बल्कि आधुनिक भारत के शिल्पकार भी थे। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद जब देश अनेक चुनौतियों से जूझ रहा था, तब नेहरू जी ने दूरदर्शी सोच और मजबूत नेतृत्व के दम पर भारत को विकास की नई दिशा दी। उन्होंने देश में लोकतंत्र को मजबूत करने के साथ-साथ शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, उद्योग और कृषि क्षेत्र में ऐसी नींव रखी, जिस पर आज का आधुनिक भारत खड़ा है।
ममता रानी ने कहा कि देश में बड़े-बड़े सार्वजनिक उपक्रम, बांध, आईआईटी, वैज्ञानिक संस्थान और औद्योगिक विकास की जो आधारशिला रखी गई, वह पंडित नेहरू की सोच का ही परिणाम थी। उन्होंने कहा कि नेहरू जी ने भारत को विश्व मंच पर एक मजबूत और सम्मानजनक पहचान दिलाने का काम किया।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत किया, जबकि राजीव गांधी ने भारत को तकनीकी और संचार क्रांति की ओर अग्रसर किया। ममता रानी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा देशहित को सर्वोपरि रखा है और हर दौर में देश के विकास के लिए कार्य किया है। उन्होंने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आज कुछ लोग इतिहास को बदलने और कांग्रेस के योगदान को कम आंकने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन देश की जनता सच्चाई जानती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास त्याग, बलिदान और राष्ट्र निर्माण का इतिहास रहा है, जिसे कभी मिटाया नहीं जा सकता।
ममता रानी ने कहा कि आज जरूरत है कि युवा पीढ़ी पंडित नेहरू के विचारों और उनकी नीतियों को समझे तथा देश को मजबूत और लोकतांत्रिक बनाने में अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता हमेशा जनता की आवाज उठाते रहेंगे और देश की एकता, भाईचारे और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।
इस दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, जिला अध्यक्ष हिमांशु गाबा, बबलू सागर, विजय गुप्ता, प्रीति साना, मोहन भारद्वाज, ज्योति टम्टा, सतीश राज पूत, अनुज दीक्षित, सुनील चौक, बाबू विश्वकर्मा, गौरव खुराना, जितेश शर्मा, राहुल प्रजापति, ललित बिष्ट, रामसेवक कोली, जमुना प्रसाद, कुंदन टम्टा, गुड्डू पटवाल, केरू मंडल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।।
