Monday, May 25, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

खटीमा में मुख्यमंत्री धामी ने 89 लाख की विकास योजनाओं का किया लोकार्पण “दीदी की लाइब्रेरी” बनेगी युवाओं के सपनों को साकार करने का माध्यम

खटीमा में मुख्यमंत्री धामी ने 89 लाख की विकास योजनाओं का किया लोकार्पण

“दीदी की लाइब्रेरी” बनेगी युवाओं के सपनों को साकार करने का माध्यमसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अपने खटीमा भ्रमण के दौरान विकासखंड कार्यालय परिसर में लगभग 89 लाख रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और जनसुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

मुख्यमंत्री ने 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक “दीदी की लाइब्रेरी”, 7.50 लाख रुपये की लागत से नवीनीकृत एवं आधुनिकीकृत व्यायामशाला भवन तथा 26.50 लाख रुपये की लागत से विकासखंड सभागार के आधुनिकीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ये सभी सुविधाएं विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति का सबसे मजबूत आधार होती है। खटीमा में स्थापित “दीदी की लाइब्रेरी” प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और विद्यार्थियों के लिए ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह पुस्तकालय छात्रों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराएगा, जिससे वे अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए बेहतर तैयारी कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों के अनेक प्रतिभाशाली छात्र संसाधनों के अभाव में गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। यह लाइब्रेरी ऐसे विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगी। यहां उपलब्ध पुस्तकों और अध्ययन सामग्री से युवाओं को उच्च शिक्षा एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुस्तकालय केवल किताबों का संग्रह नहीं बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने का सशक्त माध्यम बनेगामुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में इस लाइब्रेरी का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा, जिससे उनकी आय में भी वृद्धि होगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि हर युवा अपनी प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ सके। इसके लिए शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ आधुनिक अध्ययन सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि खटीमा की यह लाइब्रेरी आने वाले वर्षों में हजारों विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री ने व्यायामशाला भवन के नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण को भी युवाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। आधुनिक उपकरणों और बेहतर सुविधाओं से सुसज्जित यह व्यायामशाला युवाओं को फिटनेस, खेलकूद और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में फिट इंडिया मूवमेंट और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तराखंड सरकार भी युवाओं को नशामुक्त, स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली की ओर प्रेरित करने के लिए खेल एवं फिटनेस सुविधाओं का विस्तार कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, रोजगार और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में समान रूप से कार्य कर रही है, ताकि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि खटीमा उनके गृह क्षेत्र होने के साथ-साथ उनकी विशेष प्रतिबद्धता का केंद्र भी है और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button