मुख्यमंत्री धामी ने जिलाधिकारियों संग की वर्चुअल बैठक, सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने के दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री धामी ने जिलाधिकारियों संग की वर्चुअल बैठक, सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने के दिए सख्त निर्देश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा स्थित अपने निजी आवास से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की। बैठक में सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाने, भू कानून उल्लंघन की जांच, मानसून तैयारियों, चारधाम यात्रा और कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ग्राम सभाओं की सरकारी भूमि की भी विशेष जांच की जाए तथा भू कानून का उल्लंघन कर खरीदी गई जमीनों की त्वरित सुनवाई कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जहां भी भू कानून का उल्लंघन पाया जाए, वहां संबंधित भूमि को राज्य सरकार में निहित किया जाए। इसके साथ ही शत्रु संपत्तियों पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने वक्फ संपत्तियों का विवरण उम्मीद पोर्टल पर दर्ज किए जाने की नियमित समीक्षा और जांच करने को कहा। उन्होंने अन्य राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंसों की जांच, आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों की पहचान और वेरिफिकेशन ड्राइव को तेज करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। साथ ही जनसेवा केंद्रों की जांच कर अवैध राशन कार्ड बनाकर सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने वाले अपात्र लोगों को चिन्हित करने को कहा आगामी मानसून को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिलों को समय रहते तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और तकनीकी दिक्कतों का तत्काल समाधान करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश में अनावश्यक बिजली कटौती किसी भी स्थिति में न हो तथा आवश्यक होने पर इसकी पूर्व सूचना जनता तक पहुंचाई जाए।
चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं से नियमित फीडबैक लेने और उसके आधार पर व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा रूट पर पेयजल उपलब्धता और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा। मानसखंड यात्रा के अंतर्गत कैंची धाम बाईपास निर्माण कार्य आगामी माह तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिए।
मुख्यमंत्री ने कृषि एवं उद्यान विभाग की योजनाओं जैसे पॉली हाउस, एप्पल मिशन और कीवी मिशन को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखने और किसानों तक वास्तविक लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कृषि और बागवानी के क्षेत्र में परिणाम आधारित कार्य संस्कृति अपनाई जाए ताकि किसानों की आय बढ़ाई जा सके।
बैठक में मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा भी की और मानसून से पहले संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति भी मौजूद रहे।।

