Monday, May 25, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

पंचायत जनप्रतिनिधियों से मुख्यमंत्री धामी का जन संवाद, बोले- “विकसित गांव ही विकसित भारत की नींव”

पंचायत जनप्रतिनिधियों से मुख्यमंत्री धामी का जन संवाद, बोले- “विकसित गांव ही विकसित भारत की नींव”सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

पुष्कर सिंह धामी ने विकास खंड सभागार खटीमा में आयोजित “जन जन की सरकार, मुख्यमंत्री जन संवाद कार्यक्रम” में पंचायत एवं निकाय जनप्रतिनिधियों से संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीण विकास, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे को लेकर राज्य सरकार की उपलब्धियां और योजनाएं गिनाईं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है और देश की वास्तविक प्रगति तभी संभव है जब गांव और कस्बे सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वच्छता अभियान जैसी योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों को मजबूत किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “एक जनपद-दो उत्पाद” योजना और “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड के जरिए पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिला रही है। वहीं स्टेट मिलेट मिशन, फार्म मशीनरी बैंक, एप्पल मिशन, नई पर्यटन नीति, नई फिल्म नीति, होम स्टे, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार योजना जैसी योजनाओं से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। उन्होंने कहा कि इन पहलों से ग्रामीण युवाओं को गांव में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध हुए हैं और पलायन पर अंकुश लगा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। राज्य की 2 लाख 65 हजार से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है।

खटीमा क्षेत्र के विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गदरपुर-खटीमा बाईपास, नौसर पुल, आधुनिक बस स्टैंड, केंद्रीय विद्यालय, चकरपुर खेल स्टेडियम, आईटीआई, पॉलीटेक्निक कॉलेज और 100 बेड अस्पताल जैसे विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि खटीमा और टनकपुर के बीच भव्य सैन्य स्मारक का निर्माण भी जल्द शुरू होगा। साथ ही खटीमा महाविद्यालय में एमकॉम और एमएससी की कक्षाएं शुरू कराई गई हैं तथा जनजातीय क्षेत्र में एकलव्य विद्यालय संचालित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उधमसिंह नगर के किच्छा में 351 करोड़ रुपये की लागत से एम्स ऋषिकेश के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य चल रहा है। पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा, सितारगंज में प्लास्टिक पार्क, काशीपुर में अरोमा पार्क और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर तथा खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी परियोजना पर भी कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने जमरानी बांध परियोजना को पुनः शुरू कर तराई क्षेत्र की पेयजल एवं सिंचाई समस्या के समाधान की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है। गन्ना किसानों के हित में समर्थन मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि भी की गई है।

मुख्यमंत्री ने राज्य में अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सरकार की कार्रवाई का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 12 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है तथा अवैध मजारों और मदरसों पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाया है, जिसके चलते पिछले चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता कानून लागू कर सभी के लिए समान अधिकार सुनिश्चित करने का कार्य किया है। साथ ही धर्मांतरण और दंगों की राजनीति करने वालों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए गए हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष आशा बिष्ट, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button