Tuesday, May 19, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

मेयर विकास शर्मा के प्रयासों से एक करोड़ 74 लाख की लागत से हो रहा तीन पानी डाम निर्माण, ठेकेदार की कार्यशैली की भी हो रही सराहना

मेयर विकास शर्मा के प्रयासों से एक करोड़ 74 लाख की लागत से हो रहा तीन पानी डाम निर्माण, ठेकेदार की कार्यशैली की भी हो रही सराहनासौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सिंचाई विभाग द्वारा तीन पानी डाम निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। लगभग एक करोड़ 74 लाख रुपये की लागत से हो रहा यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट क्षेत्र के किसानों और स्थानीय निवासियों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। यह निर्माण कार्य मेयर विकास शर्मा के विशेष आग्रह पर मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल किया गया था, जिसके बाद अब इसका कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है और जल्द ही पूरा होने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि तीन पानी डाम से लेकर बगवाड़ा तक सिंचाई विभाग की नहर वर्षों से अतिक्रमण और अव्यवस्थित निर्माण की मार झेल रही है। कॉलोनियां काटने वाले कई लोगों द्वारा नहर की भूमि को पाटकर उसे नाली का स्वरूप दे दिया गया है, जिससे नहर की मूल संरचना और जल प्रवाह प्रभावित हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नहर की चौड़ाई कम होने के कारण बरसात और सिंचाई के समय पानी का बहाव बाधित होता रहा है।अब जब तीन पानी डाम का निर्माण कार्य पूरा होने जा रहा है, तब नहर में पानी का दबाव और बहाव पहले की तुलना में काफी तेज रहेगा। ऐसे में नहर पर किए गए अतिक्रमण भविष्य में बड़े खतरे का कारण बन सकते हैं। जानकारों का कहना है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो पानी ओवरफ्लो होकर आसपास की कॉलोनियों और सड़कों को नुकसान पहुंचा सकता है। स्थानीय नागरिकों और किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि डाम निर्माण के साथ-साथ नहर की सफाई और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी जल्द शुरू की जाए, ताकि परियोजना का पूरा लाभ क्षेत्र को मिल सके। लोगों का कहना है कि यदि नहर को उसके मूल स्वरूप में बहाल कर दिया जाए तो सिंचाई व्यवस्था मजबूत होने के साथ जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी।

मेयर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया गया है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र में जल प्रबंधन बेहतर होगा और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही नहर पर हुए अवैध कब्जों को लेकर भी संबंधित विभागों से बातचीत की जाएगी, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।वहीं स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार की कार्यशैली की भी सराहना की है। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य गुणवत्ता और तय मानकों के अनुसार तेजी से कराया जा रहा है। ठेकेदार द्वारा समय-समय पर मौके पर पहुंचकर कार्य की निगरानी की जा रही है, जिससे निर्माण कार्य में पारदर्शिता और मजबूती दिखाई दे रही है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि परियोजना समय पर पूर्ण होकर क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।।

error: Content is protected !!
Call Now Button