ऊधम सिंह नगर

जिला प्रोबेशन अधिकारी जैन ने बाल संस्कार शिविर में बच्चों को बताए सुरक्षा और अधिकारों के कानून

जिला प्रोबेशन अधिकारी जैन ने बाल संस्कार शिविर में बच्चों को बताए सुरक्षा और अधिकारों के कानूनसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। बाल संरक्षण, नैतिक शिक्षा और बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज बालिका विद्या मंदिर जूनियर हाई स्कूल के जगतपुरा आवास विकास परिसर में “बाल संस्कार शिविर” एवं जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न विभागों से जुड़े प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला प्रोबेशन अधिकारी जैन ने बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ अपने अधिकारों और सुरक्षा संबंधी कानूनों की जानकारी होना बेहद आवश्यक है। जागरूकता ही बच्चों को अपराध और शोषण से सुरक्षित रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बच्चों को बाल विवाह, बाल श्रम, POCSO Act, गुड टच-बैड टच, साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने के बारे में जानकारी दी। बच्चों को बताया गया कि किसी भी प्रकार के शारीरिक, मानसिक या सामाजिक शोषण की स्थिति में चुप न रहें, बल्कि तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों या संबंधित विभागों को इसकी सूचना दें।

जिला प्रोबेशन अधिकारी जैन ने कहा कि सरकार द्वारा बच्चों की सुरक्षा के लिए कई योजनाएं और हेल्पलाइन सेवाएं संचालित की जा रही हैं। यदि कोई बालक या बालिका असुरक्षित वातावरण में रह रहा हो, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न या उपेक्षा का शिकार हो अथवा उसे देखरेख और संरक्षण की आवश्यकता हो, तो उसकी जानकारी तुरंत जिला बाल कल्याण समिति या चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दी जा सकती है। इसके अतिरिक्त साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा किसी भी आपात स्थिति में पुलिस सहायता हेतु 112 नंबर की जानकारी भी बच्चों को दी गई कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन केंद्र समन्वयक चांदनी रावत ने बच्चों को मानसिक एवं सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि बच्चों को डरने की बजाय खुलकर अपनी समस्याएं साझा करनी चाहिए। वहीं केस वर्कर रमा बलोदी ने बच्चों को हेल्पलाइन सेवाओं और सरकारी सहायता योजनाओं के बारे में जानकारी दी।

विद्यालय के प्रधानाचार्य धीरज पंत ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का माध्यम भी है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं कार्यक्रम में भारत विकास परिषद से रेखा अरोरा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को जागरूक नागरिक बनने, समाज में फैली कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने तथा जरूरतमंद बच्चों की सहायता के लिए आगे आने का संदेश दिया गया।।

error: Content is protected !!
Call Now Button