तंबाकू नियंत्रण को लेकर प्रशासन सख्त, जिलेभर में चलेगा विशेष अभियान सरकारी दफ्तर होंगे तंबाकू मुक्त, स्कूलों के आसपास बिक्री पर रहेगा प्रतिबंध नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी रोकने के निर्देश, ई-सिगरेट के खिलाफ पुलिस करेगी कार्रवाई
तंबाकू नियंत्रण को लेकर प्रशासन सख्त, जिलेभर में चलेगा विशेष अभियान
सरकारी दफ्तर होंगे तंबाकू मुक्त, स्कूलों के आसपास बिक्री पर रहेगा प्रतिबंध
नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी रोकने के निर्देश, ई-सिगरेट के खिलाफ पुलिस करेगी कार्रवाई
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
जिले में तंबाकू सेवन और अवैध तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। विकास भवन सभागार में आयोजित राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) की जिला स्तरीय बैठक में अधिकारियों को तंबाकू मुक्त वातावरण तैयार करने और कानून का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने की। उन्होंने कहा कि युवाओं और स्कूली बच्चों को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए सभी विभागों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू सेवन और प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री पर किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के सभी सरकारी कार्यालयों को तंबाकू मुक्त घोषित किया जाएगा। कार्यालय परिसरों में धूम्रपान या तंबाकू सेवन करते पाए जाने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षण संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्कूलों और कॉलेजों के 100 मीटर दायरे में किसी भी प्रकार के तंबाकू उत्पादों की बिक्री न होने दी जाए। इसके अलावा विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए स्कूलों में नियमित रूप से तंबाकू विरोधी कार्यक्रम, शपथ और प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाएंगी ग्रामीण क्षेत्रों में भी तंबाकू नियंत्रण अभियान को मजबूत करने के लिए प्रत्येक गांव में ग्राम स्तरीय समन्वय समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। ये समितियां गांवों में जागरूकता फैलाने और निगरानी का कार्य करेंगी।
बैठक में भारत-नेपाल सीमा के जरिए होने वाली अवैध तंबाकू तस्करी पर भी चिंता जताई गई। जीएसटी विभाग को सीमा क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए, जबकि पुलिस विभाग को ई-सिगरेट और अन्य प्रतिबंधित उत्पादों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस, जीएसटी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।।

