ऑपरेशन प्रहार : एसएसपी अजय गणपति खुद उतरे सड़कों पर, पैदल गश्त से अपराधियों में दहशत
ऑपरेशन प्रहार : एसएसपी अजय गणपति खुद उतरे सड़कों पर, पैदल गश्त से अपराधियों में दहशत
रुद्रपुर के मुख्य बाजार और संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के नेतृत्व में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत व्यापक स्तर पर विशेष सायंकालीन पैदल गश्त अभियान चलाया गया। इस दौरान एसएसपी स्वयं भारी पुलिस बल के साथ शहर की सड़कों पर उतरे और रुद्रपुर मुख्य बाजार, रम्पुरा, मुख्य चौराहों, सार्वजनिक स्थलों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में निकाले गए इस पैदल मार्च से पूरे शहर में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी देखने को मिली। बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की मौजूदगी से आम नागरिकों ने राहत महसूस की, वहीं असामाजिक तत्वों और अपराधियों में स्पष्ट रूप से भय का माहौल दिखाई दिया पुलिस अधिकारियों के अनुसार “ऑपरेशन प्रहार” का मुख्य उद्देश्य जनपद में अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाना, आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना तथा शांति व्यवस्था बनाए रखना है। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई और सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूम रहे लोगों से पूछताछ भी की गई।
गश्त के दौरान एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शहर में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, नशाखोरी, हुड़दंग, उपद्रव या शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि पैदल गश्त केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनता और पुलिस के बीच विश्वास मजबूत करने का भी प्रभावी माध्यम है। पैदल गश्त के दौरान पुलिसकर्मी सीधे आम लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं और शिकायतों की जानकारी लेते हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा देशभर में चलाए जा रहे ईंधन बचत अभियान तथा उत्तराखण्ड सरकार की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग भी अधिक से अधिक पैदल गश्त को बढ़ावा दे रहा है। इससे एक ओर ईंधन की बचत होगी, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में पुलिस की प्रभावी मौजूदगी बनी रहेगी।
एसएसपी ने कहा कि जनपद ऊधम सिंह नगर पुलिस अपराध एवं अराजकता फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति पर कार्य कर रही है। किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजारों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था का फीडबैक भी लिया। व्यापारियों और आम नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लगातार पैदल गश्त से लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होती है और अपराधियों पर भी अंकुश लगता है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत इसी प्रकार सघन पैदल गश्त, चेकिंग अभियान और फ्लैग मार्च लगातार जारी रहेंगे, ताकि जनपद में शांति व्यवस्था कायम रहे और आमजन स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सके।।

