Monday, September 28, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

लघु सिंचाई विभाग में डीएम का औचक निरीक्षण, देर से पहुंचने वाले कर्मियों पर कार्रवाई

लघु सिंचाई विभाग में डीएम का औचक निरीक्षण, देर से पहुंचने वाले कर्मियों पर कार्रवाईसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

चम्पावत। शासकीय कार्यालयों में कार्य संस्कृति सुधारने तथा अधिकारियों और कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शुक्रवार सुबह लघु सिंचाई विभाग कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। जांच में अधिशासी अभियंता सहित कुल छह अधिकारी एवं कर्मचारी ड्यूटी समय पर कार्यालय में अनुपस्थित मिले। अनुपस्थित पाए गए कार्मिकों में अधिशासी अभियंता विमल कुमार सूठा, अपर सहायक अभियंता टिंकू सिंह, प्रशासनिक अधिकारी पंकज रावत, हरेन्द्र सिंह नेगी, कनिष्ठ अभियंता तनुजा तथा अनुसेवक पुष्कर दत्त शामिल हैं।जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता के स्वयं समय पर कार्यालय न पहुंचने को गंभीर लापरवाही मानते हुए उनका एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया गया कि वे स्वयं अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें तथा उनके माध्यम से सभी अनुपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी तीन दिन के भीतर जवाब तलब किया जाए।

डीएम मनीष कुमार ने स्पष्ट कहा कि यदि निर्धारित समयावधि में प्राप्त स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि सहित विभागीय कार्रवाई के लिए उच्च स्तर पर संस्तुति भेजी जाएगी उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यालयों में अनुशासन, जवाबदेही और कार्य के प्रति गंभीरता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। सरकारी कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही अथवा अनुशासनहीनता को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।।

error: Content is protected !!
Call Now Button