रुद्रपुर में महिला कर्मियों की सुविधाओं को लेकर अहम बैठक, सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ेंगी व्यवस्थाएं
रुद्रपुर में महिला कर्मियों की सुविधाओं को लेकर अहम बैठक, सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ेंगी व्यवस्थाएं
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी की अध्यक्षता में मा० सर्वोच्च न्यायालय में दायर Maatr Sparsh – An Initiative by Avyaan Foundation Versus Union of India & Others के क्रम में महिला कर्मियों हेतु सार्वजनिक स्थलों एवं शासकीय भवनों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने संबंधी महत्वपूर्ण बैठक विकास भवन गांधी सभागार में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विभिन्न विभागों में कार्यरत महिला कर्मियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधायुक्त कार्य वातावरण सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी सहित जनपद स्तरीय अधिकारियों, विभागीय कर्मचारियों एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान महिला हितों से जुड़ी व्यवस्थाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने हेतु विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में विशेष रूप से स्कूलों, डिग्री कॉलेजों, रोडवेज परिसरों, पूजा स्थलों, 50 से अधिक लोगों की उपस्थिति वाले सार्वजनिक स्थानों तथा शासकीय भवनों में महिला कर्मियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालय, सेनेटरी नैपकिन उपलब्धता, विश्राम कक्ष, क्रेच सेंटर एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किए जाने पर जोर दिया गया। साथ ही सभी विभागों को अपने कार्यालयों एवं संस्थानों में महिला अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि महिला सुरक्षा एवं सुविधाओं से संबंधित कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय सीमा में व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों से संबंधित सुझाव प्रस्तुत किए अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को महिला हित से संबंधित व्यवस्थाओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ क्रियान्वित करने के निर्देश दिए गए।।

