Monday, September 28, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

रुद्रपुर में बाल सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित, छात्र-छात्राओं को बताए गए अधिकार और हेल्पलाइन नंबर

रुद्रपुर में बाल सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित, छात्र-छात्राओं को बताए गए अधिकार और हेल्पलाइन नंबरसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

रुद्रपुर। महिला कल्याण विभाग द्वारा शुक्रवार को किड्स कैरियर पब्लिक स्कूल, शिवपुरम गंगापुर, जनपद ऊधम सिंह नगर में बाल सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं को गुड टच-बैड टच, बाल अधिकार, बाल विवाह, बाल श्रम तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में जिला बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष डॉ. श्रीमती रत्नेश, सदस्य श्री गौरव तागरा, चाइल्ड हेल्पलाइन की केंद्र समन्वयक श्रीमती चांदनी रावत एवं केस वर्कर गोविन्द सिंह पांगती ने बच्चों को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी, शोषण अथवा असुरक्षित परिस्थिति में तुरंत सहायता लेना जरूरी है। उन्होंने बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 तथा पुलिस हेल्पलाइन 112 की जानकारी भी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यदि कोई बच्चा खोया हुआ मिले, भीख मांगते हुए दिखाई दे अथवा असुरक्षित वातावरण में रह रहा हो, तो इसकी सूचना जिला बाल कल्याण समिति या चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और जागरूकता के माध्यम से ही बाल अपराधों पर रोक लगाई जा सकती है। इस दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती रेखा जोशी, विद्यालय स्टाफ सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button