सुरक्षित ईंधन, सुरक्षित जीवन अभियान का रुद्रपुर न्यायालय में शुभारम्भ जिला जज सिकन्द कुमार त्यागी ने किया उद्घाटन, सप्ताह में दो दिन पैदल या साइकिल से आने का दिया संदेश
सुरक्षित ईंधन, सुरक्षित जीवन अभियान का रुद्रपुर न्यायालय में शुभारम्भ
जिला जज सिकन्द कुमार त्यागी ने किया उद्घाटन, सप्ताह में दो दिन पैदल या साइकिल से आने का दिया संदेश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधमसिंहनगर द्वारा जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर, रुद्रपुर में “सुरक्षित ईंधन, सुरक्षित जीवन” अभियान का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला जज एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिकन्द कुमार त्यागी ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में ईंधन संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं न्यायालय कर्मचारियों को ईंधन की बचत के लिए प्रेरित करते हुए सप्ताह में दो दिन वैकल्पिक परिवहन अपनाने का आह्वान किया गया कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ममता पंत ने कहा कि वर्तमान समय में ऊर्जा संसाधनों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के आह्वान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह ईंधन की बचत को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाए।
उन्होंने बताया कि “सुरक्षित ईंधन, सुरक्षित जीवन” अभियान के अंतर्गत न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों से सप्ताह में दो दिन, विशेष रूप से सोमवार एवं शनिवार को, पैदल अथवा साइकिल से न्यायालय परिसर आने का अनुरोध किया गया है। दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले लोगों से साझा वाहन का उपयोग करने की अपील भी की गई, जिससे ईंधन की बचत के साथ-साथ प्रदूषण में कमी लाई जा सके।
अभियान को व्यवहारिक रूप से अपनाते हुए सचिव ममता पंत स्वयं अपने निवास स्थान भूरारानी से लगभग 45 मिनट पैदल चलकर न्यायालय परिसर पहुंचीं। उन्होंने कहा कि नियमित पैदल चलना न केवल ईंधन की बचत करता है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। कार्यक्रम में अध्यक्ष जिला बार एसोसिएशन संजीव फौगाट ने कहा कि ईंधन संरक्षण केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने अधिवक्ताओं एवं आमजन से अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन, साइकिल अथवा साझा वाहन का उपयोग करने की अपील की कार्यक्रम के दौरान न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों ने ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया इस अवसर पर सहायक विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस दीपाली शर्मा, प्रथम अतिरिक्त जिला न्यायाधीश राजू कुमार श्रीवास्तव, तृतीय अतिरिक्त जिला न्यायाधीश मुकेश चंद्र आर्या, एडीजे पॉक्सो अनीता गुंजियाल सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता साजिया सहित, न्यायालय कर्मचारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।।

