अग्रसेन चौक से शिफ्ट होगा मजदूर अड्डा, श्रमिकों को मिलेंगी बुनियादी सुविधाएं
अग्रसेन चौक से शिफ्ट होगा मजदूर अड्डा, श्रमिकों को मिलेंगी बुनियादी सुविधाएं
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। शहर के व्यस्ततम अग्रसेन चौक पर वर्षों से संचालित हो रहे श्रमिक अड्डे को अब अन्य स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा। लगातार मिल रही शिकायतों और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के चलते नगर निगम प्रशासन ने श्रमिक अड्डे को अग्रसेन चौक से हटाकर नगर निगम के पास स्थित खाली भूखंड में अस्थायी रूप से स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है। नए स्थान पर श्रमिकों के लिए शेड, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही श्रमिकों का सत्यापन कर उन्हें पहचान पत्र भी जारी किए जाएंगे गुरुवार को महापौर विकास शर्मा ने एसडीएम मनीष बिष्ट, सीओ डीआर वर्मा तथा नगर निगम और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ अग्रसेन चौक स्थित श्रमिक अड्डे का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद श्रमिकों, स्थानीय व्यापारियों और आसपास के लोगों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि अग्रसेन चौक के पास लंबे समय से चल रहे अस्थायी श्रमिक अड्डे के कारण सुबह से दोपहर तक जाम की स्थिति बनी रहती है। खासतौर पर स्कूल जाने वाले बच्चों, महिलाओं और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों द्वारा लगातार इसकी शिकायत की जा रही थी। अधिकांश व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने जनहित में श्रमिक अड्डे को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग रखी महापौर विकास शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि फिलहाल नगर निगम के पास हाईवे किनारे स्थित खाली भूखंड पर श्रमिक अड्डे की अस्थायी व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए वहां शेड निर्माण, पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
महापौर ने कहा कि श्रमिक अड्डे पर लगातार अव्यवस्थाओं और सुरक्षा संबंधी शिकायतें सामने आ रही थीं। इसी को देखते हुए अब श्रमिकों का सत्यापन अभियान भी चलाया जाएगा। सभी श्रमिकों को नगर निगम की ओर से पहचान पत्र जारी किए जाएंगे, जिन्हें वे कार्यस्थल पर साथ लेकर जाएंगे। इससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और श्रमिकों की पहचान सुनिश्चित की जा सकेगी उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। यह कदम जहां एक ओर यातायात व्यवस्था को सुचारू करेगा, वहीं दूसरी ओर श्रमिकों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रमिकों का किसी भी प्रकार से उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा और उनके हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
महापौर ने बताया कि नगर निगम श्रम विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर श्रमिकों के श्रम कार्ड भी बनवाएगा, ताकि उन्हें केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सिडकुल ढाल और मेडिसिटी क्षेत्र के पास संचालित अस्थायी श्रमिक अड्डों को भी व्यवस्थित किया जाएगा। भविष्य में शहर में एक संयुक्त और सुव्यवस्थित श्रमिक अड्डा विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, महामंत्री तरुण दत्ता, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, पार्षद चिराग कालड़ा, रोशन अरोरा, संदीप राव, विजय तोमर समेत अनेक जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।।

