Thursday, May 14, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

देशहित में ऊधम सिंह नगर पुलिस की अनूठी पहल एसएसपी अजय गणपति ने लागू की “फ्यूल अनुशासन पॉलिसी”, हर शनिवार रहेगा “नो व्हीकल डे”

देशहित में ऊधम सिंह नगर पुलिस की अनूठी पहल

एसएसपी अजय गणपति ने लागू की “फ्यूल अनुशासन पॉलिसी”, हर शनिवार रहेगा “नो व्हीकल डे”

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

ऊधम सिंह नगर। माननीय प्रधानमंत्री द्वारा ईंधन बचत को लेकर की गई सार्वजनिक अपील को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर श्री अजय गणपति ने जनपद के पुलिस कार्यालयों एवं इकाइयों में तत्काल प्रभाव से “फ्यूल अनुशासन पॉलिसी” लागू कर दी है। इस पहल का उद्देश्य ईंधन की बचत, सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक शनिवार को “नो व्हीकल डे” मनाया जाएगा। इस दिन पुलिस कार्यालयों एवं अन्य इकाइयों में तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी कार्यालय आने-जाने के लिए निजी अथवा सरकारी वाहनों का उपयोग नहीं करेंगे।

एसएसपी द्वारा थाना स्तर पर आयोजित अपराध समीक्षा बैठक, गोष्ठी एवं अन्य बैठकों को यथासंभव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अनावश्यक वाहन संचालन एवं ईंधन खर्च को कम किया जा सके इसके साथ ही दिन एवं रात्रि गश्त में पैदल गश्त को प्राथमिकता देने के निर्देश जारी किए गए हैं। चीता मोबाइल एवं अन्य गश्ती वाहनों को एक स्थान पर रोककर आसपास 100 से 200 मीटर की दूरी तक पैदल गश्त करने के बाद अगले स्थान पर जाने को कहा गया है। अनावश्यक वाहन उपयोग पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। वीआईपी ड्यूटी, परेड एवं कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान कार पूलिंग को प्राथमिकता देने तथा बस, टैक्सी, लोकल ट्रेन एवं अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों के अधिक उपयोग के निर्देश भी जारी किए गए हैं। सरकारी वाहनों के ईंधन कोटे पर नियंत्रण रखने के लिए थाना एवं 112 वाहनों का केवल आवश्यकता पड़ने पर ही उपयोग करने को कहा गया है। सभी थाना प्रभारियों को मासिक ईंधन कोटे की निगरानी एवं अनावश्यक ईंधन खर्च रोकने के निर्देश दिए गए हैं।पुलिस विभाग द्वारा अधीनस्थ कर्मचारियों को ईंधन संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ आमजन को भी सार्वजनिक परिवहन एवं वैकल्पिक साधनों के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि “पुलिस एक अत्यावश्यक सेवा है और जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ ही संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। ईंधन बचत केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं बल्कि राष्ट्रहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। ऊधम सिंह नगर पुलिस जनसेवा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”उन्होंने स्पष्ट किया कि इस नीति के दौरान अनिवार्य पुलिस सेवाओं को किसी भी प्रकार से प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।।

error: Content is protected !!
Call Now Button