जानलेवा हमले के बाद भी नहीं दर्ज हुई एफआईआर, पीड़ित ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार तलवार और लोहे के हथियारों से हमला करने का आरोप, परिवार को भी बताया खतरा
जानलेवा हमले के बाद भी नहीं दर्ज हुई एफआईआर, पीड़ित ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार
तलवार और लोहे के हथियारों से हमला करने का आरोप, परिवार को भी बताया खतरा
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक मामला सामने आया है। रुद्रपुर के संजय नगर निवासी एक युवक ने कुछ लोगों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपा है। पीड़ित का कहना है कि उस पर तलवार और लोहे के हथियारों से हमला किया गया, लेकिन घटना के कई दिन बाद भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। अब पीड़ित ने एसएसपी से न्याय और सुरक्षा की मांग की है।
संजय नगर वार्ड नंबर-11 निवासी प्रताप यादव पुत्र भोला यादव द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, 11 मई 2026 की रात लगभग 9 बजे आदर्श कॉलोनी दुर्गा मंदिर निवासी सौरभ नामक युवक ने उसे बातचीत के बहाने बंगाली कॉलोनी और सिंह कॉलोनी के बीच रेलवे ट्रैक के पास स्थित दुर्गा मंदिर के नजदीक बुलाया। आरोप है कि जब वह मौके पर पहुंचा तो वहां सौरभ अपने 2-3 अन्य साथियों के साथ पहले से मौजूद था। पीड़ित के मुताबिक सभी आरोपी हथियारों से लैस थे। उनके हाथों में नंगी तलवारें और लोहे के घातक हथियार थे। आरोप है कि वहां पहुंचते ही आरोपियों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे।
प्रताप यादव ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी सौरभ ने हत्या की नीयत से तलवार से उसके सिर पर हमला कर दिया। उसने किसी तरह हाथ लगाकर अपना बचाव किया, जिससे तलवार का वार उसके हाथ पर लगा और वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। आरोप है कि इसके बाद अन्य हमलावरों ने भी लोहे के हथियारों से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में उसके हाथ पर गहरे घाव आए और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित के अनुसार उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। मौके पर पहुंचे लोगों में भरतारानी निवासी अतुल सिंह सहित अन्य स्थानीय लोग भी शामिल थे। लोगों को आता देख आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को प्राथमिक उपचार दिलाया प्रताप यादव ने अपने प्रार्थना पत्र में दावा किया है कि यह हमला पूरी तरह पूर्व नियोजित था और आरोपियों का उद्देश्य उसकी हत्या करना था। उसने बताया कि घटना के तुरंत बाद उसने थाना रुद्रपुर में शिकायत दी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई और न ही किसी आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई हुई।
पीड़ित ने एसएसपी ऊधम सिंह नगर को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि आरोपियों से उसे और उसके परिवार को लगातार जान का खतरा बना हुआ है। उसने मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी, कड़ी कानूनी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।अब इस मामले को लेकर क्षेत्र में भी चर्चा शुरू हो गई है। लोगों का कहना है कि यदि पीड़ित के आरोप सही हैं तो इतने गंभीर मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं कि जानलेवा हमले जैसे आरोपों के बावजूद अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई।।

